न्यूयॉर्क-दिग्गज बैंक जेपी मॉर्गन चेस के करीब 16 हजार अमीर ग्राहकों का डेटा लीक से मचा हड़कंप
एक रैनसमवेयर ग्रुप ने जेपी मॉर्गन चेस, मास्टरकार्ड और वीजा से जुड़े ग्राहकों का डेटा लीक करने की जिम्मेदारी ली है
जेपी मॉर्गन चेस ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के जरिए साइबर हमले की जानकारी दी
न्यूयॉर्क (BNE) : अमेरिका के दिग्गज बैंक जेपी मॉर्गन चेस के करीब 16 हजार अमीर ग्राहकों का डेटा लीक होने की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि बैंक को सेवाएं देने वाले थर्ड पार्टी सर्विस प्रोवाइडर्स पर हुए साइबर हमले के बाद ग्राहकों की निजी जानकारी खतरे में पड़ गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक रैनसमवेयर ग्रुप ने जेपी मॉर्गन चेस, मास्टरकार्ड और वीजा से जुड़े ग्राहकों का डेटा लीक करने की जिम्मेदारी ली है। लीक हुए डेटा में ग्राहकों के ईमेल, फोन नंबर, पते और अकाउंट आईडी जैसी जानकारियां शामिल होने की आशंका है।
जेपी मॉर्गन चेस ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के जरिए साइबर हमले की जानकारी दी। बैंक ने बताया कि उसे पता चला है कि उसके कुछ थर्ड पार्टी सर्विस प्रोवाइडर्स पर साइबर हमला हुआ है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने इन वेंडर्स के पास मौजूद कुछ मार्केटिंग डेटा तक पहुंच हासिल कर ली थी, जिसमें ग्राहकों के नाम और ईमेल जैसी जानकारियां शामिल हो सकती हैं।
बैंक ने कहा कि जांच जारी है और फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि किन ग्राहकों की जानकारी प्रभावित हुई है। हालांकि, इस घटना से बैंक की सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ा है। जेपी मॉर्गन चेस प्रभावित ग्राहकों से सीधे संपर्क करेगा और उन्हें जरूरी सहायता मुहैया कराएगा। बैंक की ओर से प्रभावित ग्राहकों को मुफ्त क्रेडिट मॉनिटरिंग की सुविधा भी दी जाएगी।
बैंक ने यह भी स्पष्ट किया कि साइबर हमले का सप्ताह की शुरुआत में कुछ ग्राहकों को हुई सेवा संबंधी दिक्कतों से कोई संबंध नहीं है। यह मामला बैंक के रिजर्व प्रोग्राम से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसके तहत विशेष आमंत्रण पर वीजा क्रेडिट कार्ड जारी किया जाता है। इस कार्ड के लिए आमतौर पर ग्राहकों के पास 10 मिलियन डॉलर से अधिक की संपत्ति होना जरूरी है।
जेपी मॉर्गन से जुड़ी यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब हाल के दिनों में कई बड़ी तकनीकी सेवाओं में व्यवधान देखने को मिले हैं। पिछले सप्ताह फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) ने तकनीकी समस्या के चलते देशभर में उड़ानों पर रोक लगाई थी, जबकि माइक्रोसॉफ्ट की ईमेल सेवा भी वैश्विक स्तर पर ठप हो गई थी। वहीं, पिछले महीने क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज बायनेन्स को भी बड़े साइबर हमले का सामना करना पड़ा था









