NEW DELHI-आईओसी के अध्यक्ष सैम पित्रोदा को पीएम मोदी की तारीफ पड़ी भारी
उन्होंने पार्टी आलाकमान से मांग की है कि पित्रोदा को तुरंत इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष पद से बर्खास्त किया जाए।
नारंग ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े को पत्र लिखकर सैम पित्रोदा के बयान को शर्मनाक बताया है
(NEW DELHI) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करना इंडियन ओवरसीज कांग्रेस (आईओसी) के अध्यक्ष सैम पित्रोदा को भारी पड़ गया है। उनके इस बयान को लेकर पार्टी में अंदरूनी कलह शुरू हो गई है। आईओसी के उपाध्यक्ष जॉर्ज अब्राहम और कनाडा में रहने वाले कांग्रेस कार्यकर्ता देवांशु नारंग ने सैम पित्रोदा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और उन्हें पद से हटाने की मांग की है। नारंग ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े को पत्र लिखकर सैम पित्रोदा के बयान को शर्मनाक बताया है। नारंग का कहना है कि पीएम की तारीफ करने से पार्टी के कई कार्यकर्ता हैरान और निराश हैं। उन्होंने पार्टी आलाकमान से मांग की है कि पित्रोदा को तुरंत इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष पद से बर्खास्त किया जाए।
वहीं, आईओसी के उपाध्यक्ष जॉर्ज अब्राहम ने पित्रोदा को एक ईमेल भेजकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई है। अब्राहम ने पित्रोदा द्वारा पीएम मोदी को बेहद मिलनसार, दयालु और स्नेही व्यक्ति बताए जाने पर सवाल उठाए हैं। उनका मानना है कि प्रवासी भारतीयों के बीच पीएम मोदी की पहले से ही मजबूत पकड़ है और ऐसे में जब कांग्रेस की विदेशी इकाई का प्रमुख ही उनकी खुलकर तारीफ करेगा, तो आम लोग निजी दोस्ती और राजनीतिक समर्थन के बीच का फर्क नहीं समझ पाएंगे।










