NEW DELHI-EC पर राहुल का पलटवार – हम दिखाते रहेंगे कि वोट चोरी कर मोदी बनते रहे PM
“सच्चाई यह है कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह और इलेक्शन कमिशन मिलकर संविधान पर आक्रमण कर रहे हैं
आरोप लगाया कि जैसा हरियाणा में हुआ, वैसा ही बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गुजरात में भी हुआ था।
नई दिल्ली (BNE )कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गाँधी ने शुक्रवार को चुनाव आयोग को फिर से याद दिलाते हुए कहा कि आयोग ने भले ही उनके आरोपों को ख़ारिज कर दिया है लेकिन वह अभी भी आरोपों पर कायम है और हम इन आरोपों को लगातार दोहराते भी रहेगें। : मीडिया से बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि वे देश के युवाओं (जेन जी) को बताएंगे कि कैसे पीएम नरेंद्र मोदी “चुनाव की चोरी करके” प्रधानमंत्री बने हैं। राहुल गांधी ने कहा, “हमारी प्रक्रिया रुकी नहीं है और यह जारी है।”
राहुल गांधी ने अपने आरोपों को दोहराते हुए कहा, “सिंपल सी बात है। मैंने प्रजेंटेशन में दिखाया कि हरियाणा का जो चुनाव है, वह इलेक्शन ही नहीं था। वह होलसेल चोरी थी। मैंने जो आरोप लगाए थे, उन पर कोई जवाब नहीं आया। चुनाव आयोग और भाजपा से कोई जवाब नहीं आया, लेकिन मैंने जो कहा है, उसे नकारा भी नहीं गया।”
उन्होंने आगे आरोप लगाया, “सच्चाई यह है कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह और इलेक्शन कमिशन मिलकर संविधान पर आक्रमण कर रहे हैं। संविधान कहता है कि वन मैन, वन वोट। हरियाणा में तो ऐसा हुआ ही नहीं।”
हरियाणा का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा, “वहां तो ब्राजील की महिला के नाम की वोटर आईडी बनी। एक बूथ पर 200 वोटर कार्ड्स में एक ही महिला की तस्वीर दिखी।” राहुल गांधी ने कहा कि यह जवाब नहीं मिला कि आखिर ब्राजील की महिला की तस्वीर उस वोटर आईडी में कैसे है।
बिहार में वोटिंग प्रतिशत बढ़ने पर सवाल उठाते हुए राहुल गांधी ने कहा, “हमारे पास बहुत सारी चीजें हैं। हमारी प्रक्रिया चलती रहेगी। हम जेन जी को दिखाते रहेंगे कि नरेंद्र मोदी चुनाव चोरी करके पीएम बने हैं।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जैसा हरियाणा में हुआ, वैसा ही बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गुजरात में भी हुआ था।










