
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने अपना 108वाँ स्थापना दिवस आयोजित किया
DELHI/DEHRADUN,(BNE): यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने बीकेसी स्थित जियो कन्वेंशन सेंटर में अपना 108वाँ स्थापना दिवस आयोजित किया। यह अवसर ग्राहकों की सेवा और राष्ट्र की प्रगति में योगदान के 108 वर्षों की गौरवशाली यात्रा का प्रतीक है। इस अवसर पर बैंक की विकास यात्रा, उपलब्धियों तथा ग्राहक-केंद्रित बैंकिंग, नवाचार, वित्तीय समावेशन और संवहनीय विकास के प्रति बैंक की निरंतर प्रतिबद्धता का उत्सव मनाया गया।
इस अवसर की गरिमा बढ़ाने हेतु मुख्य अतिथि श्री एम. दामोदरन, पूर्व अध्यक्ष – सेबी, यूटीआई एवं आईडीबीआई एवं अध्यक्ष – एक्सीलेंस एनेबलर्स और विशिष्ट अतिथि डॉ. देबाशीष प्रुष्टि, अतिरिक्त सचिव, वित्तीय सेवाएं विभाग, वित्त मंत्रालय उपस्थित रहे। इस समारोह में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ श्री आशीष पाण्डेय, बैंक के कार्यपालक निदेशक श्री नितेश रंजन, श्री रामसुब्रमणियन एस. एवं श्री अमरेश प्रसाद, मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री ललित तनेजा, बैंक के निदेशक मंडल के सदस्य, वरिष्ठ अधिकारी, सम्मानित ग्राहक, मूल्यवान हितधारक तथा अन्य गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहे।
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ श्री आशीष पाण्डेय ने बैंक की विकास यात्रा तथा भारत के आर्थिक विकास में बैंक के योगदान के विषय में अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि इस संस्थान को यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, पूर्व कॉर्पोरेशन बैंक और पूर्व आन्ध्रा बैंक के मूल्यों एवं परंपराओं से प्रेरणा प्राप्त होती है, इन बैंकों के संस्थापकों का साझा विश्वास था कि बैंक का उद्देश्य लोगों की सेवा करना और समाज की प्रगति में सहयोग देना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यही सोच आज भी बैंक को मार्गदर्शन प्रदान कर रही है और बैंक देशभर में लाखों ग्राहकों की सेवा कर रहा है। श्री पाण्डेय ने कहा कि यूनियन बैंक ऑफ इंडिया अवसंरचना, विनिर्माण, कृषि एवं एमएसएमई जैसे प्रमुख क्षेत्रों को ऋण उपलब्ध करवा कर भारत की विकास यात्रा में निरंतर योगदान दे रहा है तथा औपचारिक बैंकिंग एवं संस्थागत वित्त तक पहुँच प्रदान कर अपना विस्तार कर रहा है। उन्होंने आगे कहा कि प्रौद्योगिकी, साइबर सुरक्षा और ग्राहक सेवा बदलती ग्राहक अपेक्षाओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे। भविष्य की कार्ययोजना के संबंध में उन्होंने बताया कि बैंक पाँच कार्यनीतिक स्तंभों के माध्यम से अपने परिवर्तन के एजेंडे को आगे बढ़ा रहा है। ये पाँच स्तंभ हैं—दक्षता, सुदृढ़ता, गुणवत्ता एवं संवहनीय विकास, लाभप्रदता तथा ग्राहक-केंद्रितता। इसके साथ ही ग्राहकों और स्टाफ सदस्यों, दोनों के लिए कारोबार सुगमता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि ‘कारोबार सर्वोपरि, अनुपालन निरंतर’ थीम के अंतर्गत यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ग्राहकों, शेयरधारकों एवं अन्य हितधारकों के लिए दीर्घकालिक मूल्य सृजित करने के साथ-साथ देश की आर्थिक प्रगति में योगदान देने पर निरंतर ध्यान केंद्रित करता रहेगा।
मुख्य अतिथि श्री एम. दामोदरन, पूर्व अध्यक्ष – सेबी, यूटीआई एवं आईडीबीआई तथा अध्यक्ष – एक्सीलेंस एनेबलर्स ने बैंकिंग क्षेत्र में प्रौद्योगिकी की बढ़ती भूमिका तथा तीव्र गति से विकसित हो रहे वित्तीय परिदृश्य में पारदर्शिता, नवाचार और ग्राहकों के विश्वास के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बैंकों को ग्राहकों की बदलती अपेक्षाओं, विशेषकर युवा पीढ़ी की अपेक्षाओं के अनुरूप स्वयं को निरंतर ढालना चाहिए, साथ ही यह सुनिश्चित करना चाहिए कि बैंकिंग सेवाएँ सुलभ, सुरक्षित और सुविधाजनक बनी रहें।उन्होंने यह भी कहा कि जहाँ प्रौद्योगिकी बैंकिंग सेवाओं के तरीके को बदल रही है, वहीं ग्राहक सेवा, परानुभूति और जवाबदेही ही बैंकिंग अनुभव के मूल आधार बने रहने चाहिए। उन्होंने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बैंक अपनी डिजिटल क्षमताओं को सुदृढ़ कर रहा है और ग्राहक-केंद्रित सेवाओं के दायरे का विस्तार कर रहा है।
इस अवसर पर श्री दामोदरन ने देशभर में 108 नई शाखाओं का वर्चुअल उद्घाटन भी किया, जिससे बैंक की उपस्थिति का विस्तार होगा और बैंकिंग सेवाओं तक पहुँच और अधिक सुलभ होगी। इन नई शाखाओं में पूर्वोत्तर क्षेत्र में 25 शाखाएँ, 51 सामान्य कारोबार शाखाएँ, 16 युवा शाखाएँ, 9 स्टार्ट-अप शाखाएँ तथा 7 एग्री वैल्यू चेन फाइनेंस शाखाएँ शामिल हैं। समारोह में श्री दामोदरन ने ग्राहकों की सुविधा बढ़ाने और बैंक की डिजिटल प्रस्तावों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से नए उत्पादों एवं सेवाओं की एक श्रृंखला का शुभारंभ भी किया। इनमें डिजिटाइज्ड कॉरपोरेट सैलरी अकाउंट्स, यूनियन व्हीकल प्लस, पीपीएफ के सापेक्ष डिजिटल ऋण, यूपीआई ग्लोबल, यूपीआई सर्कल, यूपीआई आईसीडी एवं यूपीआई ऑटो पे, ऑनलाइन लॉकर सुविधा, एम-पासबुक, एनपीएस तत्काल, ओमनीचैनल अनुभव के साथ खुदरा ऋण बैंकिंग, डिजिटल सॉल्वेंसी सर्टिफिकेट तथा सेंट्रलाइज्ड कस्टमर मैनेजमेंट पोर्टल शामिल हैं।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि डॉ. देबाशीष प्रुष्टि, अतिरिक्त सचिव, वित्तीय सेवाएं विभाग, वित्त मंत्रालय ने कहा कि लगभग रुपए 25 लाख करोड़ के कारोबारी आंकड़े और 16 करोड़ से अधिक ग्राहकों के साथ यूनियन बैंक ऑफ इंडिया भारत की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ते भारत के लिए प्रौद्योगिकी, मजबूत जोखिम प्रबंधन, वित्तीय समावेशन तथा कारोबार एवं युवा पीढ़ी के साथ गहरा जुड़ाव अत्यंत महत्वपूर्ण होंगे। डॉ. प्रुष्टि ने वित्तीय सेवाएं विभाग के दिशानिर्देशों के अनुरूप यूनियन एफआई संतृप्ति अभियान (यूएफआईएससी) आरंभ करने की बैंक की पहल की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि आज लिए गए निर्णय ही वर्ष 2047 के भारत की दिशा निर्धारित करेंगे। उन्होंने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया को निरंतर सफलता हासिल करने पर शुभकामनाएँ दीं और विश्वास व्यक्त किया कि अपनी समृद्ध विरासत के आधार पर बैंक विकसित भारत के लिए अधिक समावेशी, सुदृढ़ और भविष्योन्मुखी बैंकिंग प्रणाली के निर्माण में योगदान देता रहेगा।
भारतीय रिज़र्व बैंक के सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (सीबीडीसी) को व्यापक स्तर पर अपनाने के दृष्टिकोण के समर्थन में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने शैक्षणिक संस्थानों, एमएसएमई, कॉरपोरेट्स, ईंधन केंद्रों और गाँवों में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया। इस पहल के परिणामस्वरूप 804 व्यापारियों और 28,506 खुदरा उपयोगकर्ताओं को शामिल किया गया तथा ग्राम अंगीकरण अभियानों के माध्यम से 11,474 उपयोगकर्ताओं को जोड़ा गया। अभियान अवधि के दौरान 37.05 लाख सीबीडीसी लेन-देन दर्ज किए गए, जिनका कुल मूल्य ₹465.43 करोड़ रहा। यह शहरी एवं ग्रामीण दोनों बाजारों में डिजिटल मुद्रा की बढ़ती स्वीकार्यता को दर्शाता है।
स्थापना दिवस के अवसर पर राष्ट्र की रक्षा करने वाले वीर जवानों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के स्टाफ सदस्यों ने राष्ट्रीय रक्षा कोष में ₹11.17 करोड़ के बराबर अर्जित अवकाश का योगदान दिया।
बैंक के कार्यपालक निदेशक श्री नितेश रंजन ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। समारोह का समापन एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ हुआ।
Post Views: 9