Census 2026 India :1अप्रैल से शुरू हो रही है जनगणना ,पूछे जाएंगे ये 33 सवाल
सरकार ने जारी की सवालों की लिस्ट,लिव-इन वाले भी माने जाएंगे विवाहित जोड़े
Census 2026 India:वित्तीय वर्ष 1 अप्रैल से बहुत कुछ बदलाव होने वाले है। उसी कवायद में एक अप्रैल से जनगणना शुरू होने जा रही है ,जिसको लेकर केंद्र सरकार ने लगभग पूरी तयारी कर ली है। रजिस्ट्रार जनरल और जनगणना आयुक्त मृत्युंजय कुमार नारायण ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह जनगणना पूरी तरह डिजिटल होगी और इसमें लोगों से जीवनशैली से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे।
खास बात यह है कि इस बार जनगणना के दौरान जुटाए गए आंकड़े गोपनिय रहेंगे। न ही इन्हें सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत शेयर किया जाएगा, न ही अदालत में सबूत के तौर पर पेश किया जा सकेगा और न ही किसी अन्य संस्था को दिया जाएगा। यानी जो जानकारी नागरिक देंगे, वह पूरी तरह सुरक्षित रहेगी।
दो चरणों में होगी जनगणना
इस बार जनगणना दो चरणों में पूरी की जाएगी। पहले चरण में मकानों और उनकी सुविधाओं से जुड़ी जानकारी जुटाई जाएगी, जबकि दूसरे चरण में घर में रहने वाले लोगों की सामाजिक, आर्थिक और अन्य जानकारी दर्ज की जाएगी। सबसे जरूरी बात यह है कि पहली बार देश में ‘सेल्फ एन्यूमरेशन’ यानी स्वगणना की जानकारी लोगों को दी गई है, जिसके तहत लोग खुद भी 15 दिन की निर्धारित अवधि में ऑनलाइन अपनी जानकारी भर सकेंगे।
मृत्युंजय कुमार ने बताया कि सेल्फ एन्यूमरेशन में लोग खुद अपनी जानकारी दर्ज करेंगे। इसके बावजूद, घर पर जाने वाले कर्मचारी और अधिकारी आपकी आईडी के आधार पर जानकारी की क्रॉस-चेकिंग करेंगे। इसलिए इसमें किसी भी तरह की गड़बड़ी की संभावना बेहद कम है।
जनगणना में पूछे जाएंगे ये 33 सवाल
सरकार ने 33 सवालों की सूची जारी की है, जो 1 अप्रैल, 2026 से शुरू होने वाली जनगणना के पहले चरण में नागरिकों से पूछे जाएंगे।
पहले चरण में पूछे जाने वाले प्रश्नों में घर के फर्श और छत में इस्तेमाल होने वाले सामान, वहां रहने वाले विवाहित जोड़ों की संख्या, परिवार के मुखिया का लिंग, उपभोग किए जाने वाले अनाज का प्रकार, बुनियादी और आधुनिक जरूरतों तक पहुंच, और घर में मौजूद वाहन के प्रकार शामिल होंगे।
यही नहीं, घर में उपलब्ध सुविधाओं पर भी बारीकी से सवाल होंगे-जैसे पीने के पानी का स्रोत क्या है, घर में बिजली कैसे आती है, शौचालय है या नहीं और अगर है तो उसका प्रकार क्या है, गंदे पानी की निकासी कैसे होती है, रसोई और गैस कनेक्शन है या नहीं।
जनगणना में परिवार की आर्थिक स्थिति और संसाधनों के उपयोग के बारे में भी जानकारी ली जाएगी। इसके तहत पूछा जाएगा कि घर में टीवी, इंटरनेट, लैपटॉप, मोबाइल, साइकिल, बाइक या कार जैसी सुविधाएं हैं या नहीं। यहां तक कि परिवार में मुख्य रूप से कौन सा अनाज खाया जाता है, यह भी दर्ज किया जाएगा।
अधिकारी मकान के मुखिया के बारे में भी जानकारी इकट्ठा करेंगे, जैसे नाम और लिंग, क्या मुखिया अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति या अन्य समुदायों से संबंधित है और संपत्ति का स्वामित्व।
लिव-इन वाले भी माने जाएंगे विवाहित जोड़े
भारत में ‘सेल्फ एन्यूमरेशन’ पोर्टल पर दिए गए सामान्य प्रश्नों (FAQ) के अनुसार, अगर कोई लिव-इन कपल अपने रिश्ते को एक स्थिर बंधन मानते हैं, तो जनगणना के लिए उन्हें विवाहित जोड़े के रूप में माना जाना चाहिए।
जनगणना के दौरान स्वयं-गणना का विकल्प चुनने वाले लोगों के लिए पोर्टल खोल दिया गया है। यह पोर्टल जनगणना के दोनों चरणों – हाउसलिस्टिंग और हाउसिंग सेंसस (HLO) और जनसंख्या गणना – के लिए उपलब्ध होगा।
पोर्टल पर अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्नों (FAQ) की एक लिस्ट उपलब्ध है, जिससे जनता को देश की 16वीं जनगणना के दौरान पूछे जाने वाले प्रश्नों के उत्तर देने में आसानी होगी।










