भाई के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ी किशोरी, पांच घंटे तक चला मान-मनौव्वल
प्रशासन के लिखित आश्वासन के बाद टावर से उतरी, तीन आरोपियों की गिरफ्तारी और दूसरे थाने से विवेचना कराने की मांग
अरविन्द कुमार गुप्ता
कुशीनगर। छोटे भाई की हत्या के तीन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से आहत एक किशोरी शुक्रवार को न्याय की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। उसने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। किशोरी के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही परिजनों के साथ प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर उसे समझाने-बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांगों पर अड़ी रही। करीब पांच घंटे तक चले मान-मनौव्वल के बाद तहसीलदार के लिखित आश्वासन पर किशोरी टावर से नीचे उतरी।
14 अगस्त को विवाद के दौरान हुई थी 12 वर्षीय बालक की मौत
जानकारी के अनुसार, कप्तानगंज कस्बे में स्थित एक इंटर कॉलेज में बीते 14 अगस्त को छात्रों के दो गुटों के बीच विवाद हो गया था। बताया जाता है कि विद्यालय में छुट्टी होने के बाद दोनों गुटों के छात्र चकबंदी चौराहे पर फिर आमने-सामने आ गए और उनके बीच मारपीट होने लगी। इसी दौरान वहां मौजूद वार्ड नंबर 16 हरिहरनाथ दक्षिणी निवासी 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया था। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। इनमें से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि तीन आरोपी अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
तीन महीने बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने से परिवार में नाराजगी
परिजनों का कहना है कि घटना के करीब तीन महीने बीत जाने के बाद भी शेष तीन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इससे परिवार के लोगों में काफी नाराजगी है। छोटे भाई की हत्या के बाद न्याय की उम्मीद लगाए बैठी उसकी बहन भी आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होने से आहत थी। इसी नाराजगी के चलते शुक्रवार की सुबह किशोरी बिना किसी को कुछ बताए घर से निकल गई और मोहल्ले में लगे एक मोबाइल टावर पर चढ़ गई।
सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक चला समझाने का प्रयास
सुबह करीब 11 बजे किशोरी के मोबाइल टावर पर चढ़ने की जानकारी मिलते ही परिजनों और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने किशोरी को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए काफी देर तक समझाया और उसकी मांगों पर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया, लेकिन वह लिखित आश्वासन मिलने तक टावर से उतरने को तैयार नहीं हुई। इस दौरान परिजन भी काफी परेशान रहे। करीब पांच घंटे तक चले प्रयास के बाद शाम लगभग चार बजे तहसीलदार कप्तानगंज अभिषेक मिश्रा ने परिवार की मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई कराने का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद किशोरी टावर से नीचे उतरी। फिर परिजन उसे अपने साथ घर ले गए।
परिवार ने रखीं तीन प्रमुख मांगें
तहसीलदार अभिषेक मिश्रा के अनुसार, किशोरी और उसके परिजनों ने सभी नामजद हत्यारोपियों की गिरफ्तारी कराने की मांग की है। इसके अलावा मामले की विवेचना कप्तानगंज थाने के बजाय किसी अन्य थाने की पुलिस से कराने की मांग रखी गई है। परिवार ने संबंधित विद्यालय की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए आरोपियों को बचाने के आरोपों की जांच कराने की मांग की है। तहसीलदार ने बताया कि परिवार की ओर से उठाए गए सभी बिंदुओं पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं कप्तानगंज थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार राय ने बताया कि किशोरी को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। वह मोबाइल टावर पर कैसे चढ़ी और किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी भी जांच की जा रही है। भाई की हत्या के बाद न्याय की आस में किशोरी के इस कदम ने एक बार फिर परिवार की पीड़ा और लंबित कार्रवाई को लेकर उठ रहे सवालों को सामने ला दिया है। अब परिवार को प्रशासन के लिखित आश्वासन पर कार्रवाई होने का इंतजार है।









