16 से 30 नवंबर तक होगा स्व-गणना का कार्य, डीएम ने नागरिकों से की भागीदारी की अपील
जनगणना की तैयारियां शुरू, मोबाइल पर ओटीपी सत्यापन के बाद ऑनलाइन कर सकेंगे पंजीकरण, रजिस्ट्रेशन नंबर रखना होगा सुरक्षित
अरविन्द कुमार गुप्ता
कुशीनगर। भारत सरकार के निर्देश पर देशभर में आगामी दस वर्षीय जनगणना की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश में जनगणना प्रक्रिया को व्यवस्थित और सुचारु ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न स्तरों पर तैयारियां की जा रही हैं। जनपद कुशीनगर में भी जनगणना कार्य को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके तहत 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) का कार्य कराया जाएगा। इस दौरान नागरिक आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से घर बैठे अपने परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इस संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता में जिलाधिकारी संजय चौहान ने जनपद के सभी नागरिकों से स्व-गणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि निर्धारित अवधि के भीतर प्रत्येक परिवार अपने स्तर से ऑनलाइन पंजीकरण कराए, ताकि जनगणना का कार्य पारदर्शी, सटीक और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।
मोबाइल पर ओटीपी से होगा सत्यापन
जिलाधिकारी ने स्व-गणना की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि इसके लिए नागरिकों को निर्धारित आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने परिवार से संबंधित आवश्यक जानकारियां दर्ज करनी होंगी। पंजीकरण के दौरान परिवार के मुखिया के मोबाइल नंबर पर ओटीपी भेजा जाएगा। ओटीपी का सत्यापन करने के बाद ही पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी होगी। सफलतापूर्वक पंजीकरण होने पर संबंधित परिवार को एक रजिस्ट्रेशन नंबर उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी होने के बाद नागरिकों को प्राप्त रजिस्ट्रेशन नंबर सुरक्षित रखना होगा। यह नंबर आगे जनगणना कर्मियों के घर-घर पहुंचने पर काफी महत्वपूर्ण होगा। इसके माध्यम से स्व-गणना के दौरान दर्ज की गई जानकारियों का सत्यापन किया जा सकेगा। इसलिए नागरिक पंजीकरण के समय सही और सटीक जानकारी दर्ज करें तथा रजिस्ट्रेशन नंबर को संभालकर रखें।
जनगणना के आंकड़ों से बनती हैं जनकल्याणकारी योजनाएं
जिलाधिकारी संजय चौहान ने कहा कि जनगणना केवल देश की आबादी की गणना करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश की सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय स्थिति की वास्तविक तस्वीर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। जनगणना के माध्यम से एकत्र किए गए आंकड़े सरकार के लिए नीतियां बनाने और विकास की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने में सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, सड़क, पेयजल सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्माण और संचालन में जनगणना के आंकड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सही आंकड़े उपलब्ध होने से सरकार को जरूरतमंद लोगों और क्षेत्रों की आवश्यकताओं को समझने तथा विकास कार्यों की प्राथमिकताएं निर्धारित करने में मदद मिलती है।
हर परिवार की सहभागिता जरूरी
डीएम ने जनपदवासियों से अपील की कि स्व-गणना की निर्धारित अवधि 16 से 30 नवंबर के बीच अपना पंजीकरण अवश्य कराएं। प्रत्येक परिवार इस प्रक्रिया को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए इसमें सहयोग करे। उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को सफल बनाने में आम नागरिकों की सहभागिता बेहद आवश्यक है। सभी लोग सही जानकारी उपलब्ध कराकर प्रशासन का सहयोग करें, जिससे कुशीनगर जनपद में जनगणना का कार्य बेहतर ढंग से संपन्न कराया जा सके।









