मथुरा-यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती बस में लगी भीषण आग ,बस स्टाफ की सूझबूझ से बची 40 यात्रियों की जान
शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
मथुरा (BNE )) : उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर देर रात एक चलती बस में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे के समय बस में 40 यात्री सवार थे। गनीमत रही कि चालक ने सूझबूझ और सतर्कता दिखाते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
जानकारी के मुताबिक, बस दिल्ली से मध्य प्रदेश जा रही थी। रात करीब 2 बजे मथुरा के राया थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 110 के पास अचानक बस में आग लग गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
बस में आग लगते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, चालक ने तत्काल बस रोककर यात्रियों को बाहर निकलने में मदद की। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। राहत की बात यह रही कि सभी 40 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। चालक की सूझबूझ और समय रहते दिखाई गई सतर्कता के चलते सभी यात्रियों की जान बच गई।









