अयोध्या/नई दिल्ली-राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला -इतनी जल्दी सुनवाई की जरूरत क्या है-सुप्रीम कोर्ट
कोर्ट ने निर्देश दिया कि याचिका पर छुट्टियों के बाद नियमित पीठ के समक्ष सुनवाई की जाएगी
याचिका में लगाए गए आरोपों पर अभी न्यायिक निर्णय नहीं हुआ है और मामले की जांच एवं कानूनी प्रक्रिया जारी है।
अयोध्या/नई दिल्ली (BNE ) : अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की याचिका पर सुनवाई के लिए सुप्रीम कोर्ट ने आज तत्काल सुनवाई से साफ़ इंकार कर दिया, अदालत ने याचिकाकर्ता से पूछा कि मामले में इतनी जल्द सुनवाई की आवश्यकता क्या है। इसके साथ ही कोर्ट ने निर्देश दिया कि याचिका पर छुट्टियों के बाद नियमित पीठ के समक्ष सुनवाई की जाएगी।
याचिका में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में चढ़ावे के धन के कथित दुरुपयोग की जांच कराने की मांग की गई है। याचिकाकर्ता ने इस मामले में एफआईआर दर्ज करने के साथ-साथ कोर्ट की निगरानी में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) के अधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) गठित कर जांच कराने की मांग की है। याचिका में यह भी अनुरोध किया गया है कि जांच के लिए समय-सीमा तय की जाए, ताकि मामले का जल्द निष्पादन हो सके।
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता ने मामले को तत्काल सूचीबद्ध करने की अपील की, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि फिलहाल ऐसी कोई असाधारण परिस्थिति नहीं है, जिसके कारण तत्काल सुनवाई आवश्यक हो। अदालत ने स्पष्ट किया कि मामले को न्यायालय की छुट्टियों के बाद नियमित बेंच के समक्ष सूचीबद्ध किया जाएगा। गौरतलब है कि याचिका में लगाए गए आरोपों पर अभी न्यायिक निर्णय नहीं हुआ है और मामले की जांच एवं कानूनी प्रक्रिया जारी है।










