मेक्सिको-कुख्यात ड्रग लॉर्ड फॉस्टो इसिड्रो मेजा फ्लोरेस’ की गिरफ्तारी के बाद हिंसा भड़क उठी,11 की मौत
सुरक्षा बलों ने अमेरिकी खुफिया एजेंसियों की मदद से विशेष अभियान चलाकर इस ड्रग माफिया को गिरफ्तार किया।
स्थानीय निवासियों के मुताबिक, 20 नवंबर की शाम करीब 7 बजे हिंसा शुरू हुई।
मेक्सिको (AGENCY )) : मेक्सिको के सिनालोआ राज्य में कुख्यात ड्रग लॉर्ड फॉस्टो इसिड्रो मेजा फ्लोरेस उर्फ ‘एल चापो इसिड्रो’ की गिरफ्तारी के बाद हिंसा भड़क उठी। इस दौरान हुई झड़पों में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई, जिनमें कार्टेल के 7 संदिग्ध बंदूकधारी और मेक्सिको के 4 सैनिक शामिल हैं। सुरक्षा बलों ने अमेरिकी खुफिया एजेंसियों की मदद से विशेष अभियान चलाकर इस ड्रग माफिया को गिरफ्तार किया।
मेजा फ्लोरेस एफबीआई की ’10 मोस्ट वांटेड’ अपराधियों की सूची में शामिल था। उसे शनिवार, 21 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया और बाद में मेक्सिको सिटी ले जाया गया। उसकी गिरफ्तारी से पहले गुआसावे में भीषण गोलीबारी हुई, जिसके दौरान कई वाहनों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को आग के हवाले कर दिया गया।
स्थानीय निवासियों के मुताबिक, 20 नवंबर की शाम करीब 7 बजे हिंसा शुरू हुई। गुआसावे के अलग-अलग इलाकों में सशस्त्र झड़पें फैल गईं, जिसके चलते लोगों को दुकानों और अन्य इमारतों में शरण लेनी पड़ी। सुरक्षा अभियान के दौरान सैन्य हेलीकॉप्टरों और ड्रोन का भी इस्तेमाल किया गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में जलते वाहन, क्षतिग्रस्त दुकानें और गोलीबारी के बीच भागते आम लोग दिखाई दे रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, मेजा फ्लोरेस को गिरफ्तार करने के लिए एक घर में प्रवेश करने से पहले सुरक्षा बलों को हथियारों और विस्फोटकों से किए गए हमलों का सामना करना पड़ा। कार्टेल के संदिग्ध सदस्यों ने जलते वाहनों से कम से कम 10 स्थानों पर रास्ते रोक दिए थे। इसके कारण सुरक्षा बलों को गिरफ्तार किए गए ड्रग लॉर्ड को सुरक्षित बाहर निकालने में शनिवार सुबह तक का समय लग गया।
मेजा फ्लोरेस ने अपना आपराधिक संगठन बनाने से पहले बेल्ट्रान-लेवा कार्टेल का नेतृत्व किया था। अमेरिका ने उसकी गिरफ्तारी से जुड़ी जानकारी देने वाले के लिए 50 लाख डॉलर के इनाम की घोषणा की थी। उस पर मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध हथियार रखने के आरोप थे। अमेरिकी राजदूत रोनाल्ड जॉनसन ने इस कार्रवाई में दोनों देशों के बीच सहयोग की सराहना की। वहीं, मेक्सिको के सुरक्षा सचिव ओमार गार्सिया हारफुच ने गिरफ्तारी को सिनालोआ में शांति बहाल करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
सुरक्षा विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि कार्टेल के शीर्ष नेताओं की गिरफ्तारी से आपराधिक नेटवर्क खत्म होने के बजाय उनके उत्तराधिकार को लेकर हिंसक संघर्ष बढ़ सकता है। मेजा फ्लोरेस सिनालोआ कार्टेल के ‘लॉस मायोस’ गुट का सहयोगी भी था, जो फिलहाल सत्ता संघर्ष में उलझा हुआ है। विशेषज्ञ डेविड सॉसेडो के मुताबिक, व्यापक आपराधिक नेटवर्क को तोड़े बिना शीर्ष कमांडरों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में अस्थिरता और बढ़ सकती है।









