कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा : एक ही परिवार के 9 लोगों की दर्दनाक मौत, 6 घायल
खाटू श्यामजी के दर्शन कर महाराष्ट्र लौट रहे थे परिवार के 15 सदस्य
शंभूपुरा गांव के पास रात 2 बजे हुआ हादसा
खाटू श्यामजी के दर्शन कर महाराष्ट्र लौट रहे थे परिवार के 15 सदस्य; शंभूपुरा गांव के पास रात 2 बजे हुआ हादसा, चालक को झपकी आना बताया जा रहा है दुर्घटना का कारण— सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम व एडीएम-सिटी मौके पर पहुंचे
कोटा। कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 2:00 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में बच्चों समेत एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा कोटा के शंभूपुरा गांव के पास उस समय हुआ, जब महाराष्ट्र के एक ही परिवार के 15 सदस्यों को लेकर जा रही तेज रफ्तार ‘क्रूजर’ गाड़ी सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। ये सभी श्रद्धालु राजस्थान में खाटू श्यामजी के दर्शन कर अपने घर लौट रहे थे।
चालक को झपकी आने से अनियंत्रित होकर ट्रक में घुसी गाड़ी; सभी घायलों का अस्पताल में उपचार जारी
हादसे में जान गंवाने वालों की हुई पहचान: प्रारंभिक जांच के अनुसार, दुर्घटना गाड़ी चालक की लापरवाही और ड्राइविंग के दौरान उसे झपकी आ जाने के कारण हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान उषा बाई, सुशीला, कैलाश, सान्वी, सज्जन, अनीता, बाबूलाल, जाह्नवी और माधवी के रूप में हुई है।
घायलों के उपचार के लिए विशेष मेडिकल टीम तैनात: दुर्घटना में घायल हुए 6 लोगों को एम्बुलेंस की मदद से कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। घायलों की समुचित देखभाल के लिए अस्पताल प्रशासन की ओर से एक विशेष मेडिकल टीम तैनात की गई है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी, बचाव दल ने निकाले शव
सिटी एसपी और एडीएम-सिटी ने लिया स्थिति का जायजा: हादसे की सूचना मिलते ही कोटा सिटी पुलिस अधीक्षक (SP) तेजस्वनी गौतम तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस और बचाव दलों ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला। वहीं, अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (ADM-सिटी) सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भी घटनास्थल और न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तथा पीड़ितों के उपचार व आवश्यक व्यवस्थाओं के निर्देश दिए।










