*टोल फ्री नंबर 1950 एवं 05564-1950 के माध्यम से मतदाताओं को मिलेगी निर्वाचन संबंधी जानकारी एवं सहायता*
*मतदाताओं की जिज्ञासाओं एवं शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए स्थापित किया गया डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर*
अरविन्द कुमार गुप्ता
कुशीनगर।जिला निर्वाचन अधिकारी संजय चौहान ने आज निर्वाचन कार्यालय में स्थापित डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस सेंटर के माध्यम से जनपद के मतदाताओं को निर्वाचन संबंधी आवश्यक जानकारी, मार्गदर्शन एवं सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि मतदाता अपनी निर्वाचन संबंधी जानकारी एवं समस्याओं के समाधान के लिए टोल फ्री नंबर 1950 तथा 05564-1950 पर संपर्क कर सकते हैं। सेंटर के माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, नाम एवं विवरण में संशोधन, मतदाता पहचान पत्र तथा निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न जानकारियां प्राप्त कर सकेंगे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए। प्राप्त होने वाली कॉल, शिकायतों एवं जिज्ञासाओं को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। साथ ही सेंटर के टोल फ्री नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, जिससे अधिक से अधिक मतदाता इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में मतदाताओं की सुविधा, सहभागिता एवं जागरूकता अत्यंत महत्वपूर्ण है। डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर के माध्यम से मतदाताओं को निर्वाचन संबंधी जानकारी आसानी से उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) पवन कुमार, उप जिलाधिकारी/सहायक निर्वाचन अधिकारी सर्वेश कुमार, सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों सहित निर्वाचन कार्यालय के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।









