*जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित रखरखाव का लिया जायजा*
कुशीनगर। जिला निर्वाचन अधिकारी संजय चौहान ने आज निर्वाचन कार्यालय स्थित ईवीएम गोदाम का राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित रखरखाव, गोदाम की सुरक्षा व्यवस्था तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुपालन का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षण कार्य हेतु ईवीएम मशीनों को स्ट्रांग रूम से राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए बाहर निकाला गया। इस दौरान पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुपालन पर विशेष ध्यान दिया गया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ईवीएम गोदाम की सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रखी जाए। गोदाम में निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के रखरखाव से संबंधित सभी अभिलेख अद्यतन रखे जाएं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) पवन कुमार, उप जिलाधिकारी/सहायक निर्वाचन अधिकारी सर्वेश कुमार, निर्वाचन कार्यालय के संबंधित अधिकारी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।









