



ट्रंप का यू-टर्न: पहले यूक्रेन की मदद रोकी, अब रूस को दी कड़ी धमकी!
रूस-यूक्रेन युद्ध पर अमेरिका का नया रुख, प्रतिबंधों और शांति वार्ता की सियासी चाल
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन को सैन्य और खुफिया सहायता रोकने के कुछ दिनों बाद अब रूस पर कड़े प्रतिबंध लगाने की चेतावनी दी है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कहा कि जब तक युद्धविराम और शांति समझौता नहीं हो जाता, तब तक रूस पर बैंकिंग प्रतिबंध, टैरिफ और अन्य सख्त कदमों पर विचार किया जा रहा है।
हालांकि, इस कड़ी चेतावनी के साथ ही ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को लेकर नरम रुख भी दिखाया। उन्होंने कहा कि पुतिन शांति चाहते हैं और यूक्रेन के मुकाबले उनसे निपटना आसान लग रहा है। इस बीच, ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो जल्द ही यूक्रेन के अधिकारियों से बातचीत के लिए सऊदी अरब में बैठक करेंगे।
वहीं, युद्ध के मैदान में रूस लगातार बढ़त बना रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रूसी सेना ने कुर्स्क क्षेत्र में यूक्रेनी सेना की बढ़त को पूरी तरह खत्म कर दिया है और उनकी मुख्य आपूर्ति लाइनों को ध्वस्त कर दिया है। रूस ने यूक्रेन के ऊर्जा और गैस बुनियादी ढांचे पर बड़ा हमला किया, जिससे कई लोग घायल हुए।
रूस-यूक्रेन युद्ध के समाधान की कोशिशों के बीच, भारत में रूस के राजदूत डेनिस अलीपोव ने कहा कि मॉस्को ‘त्रिपक्षीय वार्ता’ के लिए तैयार है। हालांकि, अमेरिका इस मुद्दे पर यूरोप और यूक्रेन को बड़ी बाधा मान रहा है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि ट्रंप की नई रणनीति युद्ध को खत्म करने में कितनी कारगर साबित होती है।