



पाकिस्तान की जेल में भारतीय मछुआरे की संदिग्ध मौत
कराची की मलीर जेल में फांसी से लटका मिला शव, आत्महत्या का दावा
कराची, (एजेंसी)। पाकिस्तान की मलीर जेल में बंद एक भारतीय मछुआरे गौरव राम आनंद की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जेल अधिकारियों का दावा है कि आनंद ने मंगलवार देर रात अपनी बैरक के शौचालय में रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, इस मामले में कई सवाल उठ रहे हैं।
जेल अधीक्षक अरशद हुसैन के अनुसार, रात करीब ढाई बजे जेल के चिकित्सकों ने आनंद को मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद शव को ईधी ट्रस्ट के शवगृह में रखवा दिया गया। अब पाकिस्तानी अधिकारियों द्वारा औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव को भारत भेजा जाएगा।
आनंद को फरवरी 2022 में पाकिस्तान के जलक्षेत्र में अवैध रूप से मछली पकड़ने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था और तब से वह मलीर जेल में बंद था। पाकिस्तान और भारत के बीच समय-समय पर मछुआरों की अदला-बदली होती रही है, लेकिन अब भी करीब 190 भारतीय मछुआरे पाकिस्तानी जेलों में बंद हैं।
इस घटना के बाद भारत में रोष बढ़ सकता है, क्योंकि पहले भी पाकिस्तानी जेलों में भारतीय कैदियों के साथ अमानवीय व्यवहार की खबरें सामने आती रही हैं। अब सवाल यह उठता है कि क्या यह आत्महत्या थी या फिर इसके पीछे कोई और साजिश छिपी हुई है?