प्रयागराज-संगम तट से नाविकों ने दी पीएम मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं
नाविकों ने उम्मीद जताई कि वे आने वाले वर्षों में भी देश का नेतृत्व करते रहें।
पीएम मोदी और सीएम योगी के आने के बाद हमारी आर्थिक स्थिति बेहतर हुई।
प्रयागराज (BNE ): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज 75 वां जन्म दिन है। देश के साथ साथ विदेशों से भी उन्हें बधाई और शुभकामना सन्देश मिल रहे है। इसी कड़ी में यूपी के प्रयागराज से भी उन्हें नाविकों ने बधाई दी है। प्रयागराज के संगम तट पर जीवन यापन करने वाले कई नाविकों ने उन्हें बधाई दी और केंद्र सरकार की योजनाओं की तारीफ की। पीएम मोदी का आभार व्यक्त करते हुए नाविकों ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं ने उनकी जिंदगी में सकारात्मक बदलाव लाया है।
प्रयागराज में इस साल की शुरुआत में हुए विश्व के सबसे बड़े धार्मिक आयोजन ‘महाकुंभ’ न केवल आस्था का केंद्र बना, बल्कि नाविकों के लिए रोजगार का बड़ा अवसर भी लेकर आया। इस आयोजन में देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं ने संगम में डुबकी लगाई, जिससे नाविकों को अच्छी कमाई का मौका मिला। युवाओं से लेकर बुजुर्ग नाविकों तक ने केंद्र की योजनाओं के लिए पीएम मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की योजनाओं ने उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत किया है।
नाविक अशोक निषाद ने कहा, “मैं करीब 40 साल से नाव चला रहा हूं और पीएम मोदी की सरकार में काफी बदलाव देखने को मिला है। इस सरकार ने स्वच्छता समेत कई मुद्दों पर फोकस किया, जिसका असर दिखाई दिया है। प्रयागराज में संपन्न हुए महाकुंभ में सभी नाविकों को लाभ हुआ और इसकी सफलता का श्रेय पीएम मोदी को जाता है।”
नाविक ननका निषाद ने बातचीत में बताया कि मैं 30 साल से नाव चला रहा हूं। पूर्व और अबकी सरकार की तुलना करूं तो वर्तमान सरकार ने काफी काम किया है। घर-घर राशन पहुंचा है और कई योजनाओं का लाभ लोगों को मिल पा रहा है।
नाविक विक्कू निषाद ने कहा, “मुझे लगता है कि 2014 के बाद से देश में बड़ा बदलाव आया है। पीएम मोदी और सीएम योगी के आने के बाद हमारी आर्थिक स्थिति बेहतर हुई। अब हमारे पास हेल्थ इंश्योरेंस है, हमें सरकारी योजनाओं का लाभ मिला है और जिंदगी सुरक्षित है। 2 लाख रुपए का हेल्थ इंश्योरेंस कई लोगों के लिए बहुत मददगार साबित हुआ है।”
कई नाविकों ने जोर देकर कहा कि स्वास्थ्य, राशन और रोजगार से संबंधित सरकारी योजनाओं से उन्हें सीधे लाभ हुआ है। उन्होंने पीएम मोदी को लंबी और स्वस्थ जिंदगी की कामना की और उम्मीद जताई कि वे आने वाले वर्षों में भी देश का नेतृत्व करते रहें।










