LUCKNOW-आबकारी विभाग की टीम ने गोसाईगंज इलाके से अवैध विदेशी शराब की 473 बोतलें बरामद की
विभाग ने वाहन और शराब को जब्त कर लिया है और संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
किआ सोनेट कार में हरियाणा से बिहार जा रही थी विदेशी शराब
लखनऊ, (BNE ) उत्तर प्रदेश आबकारी आयुक्त ,जिलाधिकारी लखनऊ के निर्देशन में आबकारी विभाग नियमित रूप से गैरकानूनी रूप से शराब निर्माण, बिक्री आदि पर रोकथाम के लिए अभियान चला रहा है। इसी कड़ी में आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में विभाग की टीम ने गोसाईंगंज इलाके में एक कार से हरियाणा में बिकने वाली विदेशी शराब की 473 बोतलें बरामद करने में सफलता पायी है। इस शराब को बिहार में बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था। इस विशेष अभियान में आबकारी निरीक्षकों विवेक सिंह, राहुल सिंह, शिखर मल्ल और अभिषेक सिंह की टीम ने किसान पथ पर नाका लगाया। टीम ने पंजाब रजिस्ट्रेशन नंबर PB27L1428 की किआ सोनट कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया और नजदीकी ग्रामीण इलाके में भागने लगा।

आबकारी अधिकारी करुणेद्र सिंह सचान ने बताया कि इस अभियान में टीम को गोसाईंगंज पुलिस और सर्विलांस टीम की मदद लेनी पड़ी। कासिमपुर गाँव के पास कार को घेरकर चालक समेत दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। चालक मोहन ने पूछताछ में बताया कि शराब हरियाणा से बिहार तस्करी के लिए ले जाई जा रही थी। मौके से तीन मोबाइल फोन और 2030 रुपये नकद भी बरामद किए गए। विभाग ने वाहन और शराब को जब्त कर लिया है और संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
अवैध शराब से जुडी गतिविधियों के रोकथाम के लिए यूपी आबकारी विभाग लगातार चला रा है अभियान रहा है विशेष अभियान
आबकारी विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सघन चेकिंग और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
गौरतलब है कि हाल ही में आबकारी विभाग की कार्रवाई तेज हुई है। कुछ दिन पहले ही, कृष्णा नगर और छितवापुर इलाके में दो ठिकानों पर छापेमारी कर नकली बोतलों में शराब बेचने वाले गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इसी तरह, डालीगंज की एक लाइसेंसी दुकान से मिलावटी शराब बरामद होने पर वहाँ के लाइसेंस को रद्द करने की कार्रवाई शुरू की गई है और बिक्रेताओं को जेल भेजा गया है। हजरतगंज स्थित टनाटन रेस्टोरेंट पर बिना बार लाइसेंस के शराब परोसे जाने के मामले में भी पांच लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं।










