पूर्णिया-रील, फेसबुक और इंस्टाग्राम 21वीं सदी का नशा हैं-राहुल गाँधी
जो काम पहले शराब और ड्रग्स से होता था, वही आज इनसे हो रहा है।‘
युवाओं से अपील की कि वे संविधान की रक्षा के लिए भाजपा की इन कोशिशों को नाकाम करें।
पूर्णिया(BNE) बिहार विधान सभा चुनाव में जुटे कांग्रेस नेता रहल गाँधी ने पूर्णिया में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने बिहार के युवाओं को ‘21वीं सदी का नशा दे दिया है।‘ राहुल गांधी ने कहा कि, ‘हम चाहते हैं कि बिहार के युवाओं की जेब में पैसा आए, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी उन्हें रील बनाने में उलझा रहे हैं। रील से जो कमाई होती है वह आपकी जेब में नहीं जाती, बल्कि जिओ, अडानी और अंबानी की जेब में जाती है।‘ उन्होंने सोशल मीडिया की लत को नई पीढ़ी के लिए खतरनाक बताते हुए कहा कि, ‘रील, फेसबुक और इंस्टाग्राम 21वीं सदी का नशा हैं। जो काम पहले शराब और ड्रग्स से होता था, वही आज इनसे हो रहा है।‘
कांग्रेस नेता ने सभा में उपस्थित युवाओं से सवाल किया कि, ‘आप रोजगार चाहते हैं या फेसबुक और इंस्टाग्राम?’ राहुल गांधी ने भाजपा पर चुनाव में धांधली करने का आरोप लगाते हुये कहा कि, ‘भाजपा ने हरियाणा, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और लोकसभा के चुनाव की चोरी की है। अब वे बिहार का चुनाव भी चोरी करने की कोशिश कर रहे हैं।‘ उन्होंने दावा किया कि, महागठबंधन के लाखों वोटरों के नाम मतदाता सूची से हटाये जा रहे हैं। युवाओं से अपील की कि वे संविधान की रक्षा के लिए भाजपा की इन कोशिशों को नाकाम करें।
राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि, ‘20 साल से सरकार चलाने के बावजूद बिहार में लोगों को रोजगार नहीं मिला।‘ उन्होंने कहा कि, ‘बिहार के युवा पूरे देश में मजदूरी करने को मजबूर हैं। कर्नाटक, पंजाब, जम्मू- कश्मीर, तेलंगाना से लेकर अरुणाचल प्रदेश तक हर जगह बिहार के लोग मेहनत कर रहे हैं। यहां तक कि दुबई जैसा शहर भी आपकी मेहनत से बना है। आप बहुत मेहनती हैं लेकिन, नीतीश कुमार ने आपको देश भर का मजदूर बना दिया।‘
राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तंज कसते हुये कहा कि, ‘अमित शाह कहते हैं कि बिहार में उद्योग लगाने के लिये जगह नहीं है, लेकिन अडानी को महज एक रुपये में जमीन दे दी जाती है।‘ उन्होंने कहा कि, ‘बिहार के लोग इलाज के लिए दिल्ली और मुंबई, पढ़ाई के लिये बेंगलुरु और हैदराबाद और रोज़गार के लिये देश के कोने- कोने में भटकने को मजबूर हैं।‘
अपने भाषण के अंत में राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि बिहार में बेहतरीन कॉलेज, विश्वविद्यालय और छोटे उद्योग स्थापित हों। उन्होंने कहा कि, ‘हम चाहते हैं कि बिहार की धरती पर ऐसा मोबाइल फोन बने जिस पर लिखा हो ‘मेड इन बिहार’। बिहार फिर से विकास और मोहब्बत की धरती बने, जहां हर जाति और धर्म के लोग एकजुट होकर देश को दिशा दें।‘










