NEW DELHI-आपको गलत रास्तों पर जाने या गलत लेन में फंसने से भी रोकेगा Google Maps
AI-पॉवर्ड लाइव लेन गाइडेंस फीचर की शुरुआत उन कारों से होगी, जिनमें ‘Google बिल्ट-इन’ (Google built-in) सिस्टम पहले से मौजूद है।
नई दिल्ली (BNE ): गूगल मैप ने अपने तकनीकी फीचर में इजाफा करते हुए एक बड़ा ऐलान किया है। इस नए फीचर से अब सफर के दौरान लेन नेविगेशन (Lane Navigation) की सुविधा भी मिलेगी। यह फीचर आपके सफर को न सिर्फ आसान बनाएगा, बल्कि आपको गलत रास्तों पर जाने या गलत लेन में फंसने से भी रोकेगा।
गूगल ब्लॉग के मुताबिक, गूगल मैप्स में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पावर्ड ‘लाइव लेन गाइडेंस’ (Live Lane Guidance) फीचर को इंट्रोड्यूस किया गया है। कंपनी ने यह फीचर कैसे काम करेगा, इसे बेहतर तरीके से समझाने के लिए एक छोटा वीडियो भी ब्लॉग में एम्बेड किया है।
वीडियो में दिखाया गया है कि जब कार सड़क पर बनी लेन से बाहर जाने लगेगी, तो यह AI-पॉवर्ड फीचर ड्राइवर को तुरंत संकेत (Alert) देगा कि गाड़ी को वापस लेफ्ट या राइट कर लें।
अक्सर सफर के दौरान, खासकर जब कोई मोड़ या फ्लाईओवर आता है, तो नई लोकेशन पर कार ड्राइवर को सही वक्त पर यह पता नहीं चल पाता कि उन्हें कार को किस लेन में रखना है। इस चक्कर में वे या तो गलत रोड पर मुड़ जाते हैं या गलती से फ्लाईओवर पर चढ़ जाते हैं। अब गूगल मैप्स के इस नए AI-पॉवर्ड लाइव लेन गाइडेंस फीचर के आने के बाद यह गलती नहीं होगी, क्योंकि मैप्स आपको पहले ही सही लेन में रहने के लिए गाइड करेगा।
गूगल मैप्स का यह नया फीचर आपको आफ्टर-मार्केट (अलग से खरीदे जाने वाले) डैश कैम (Dash Cam) में मिलने वाले ADAS फीचर जैसा लग सकता है। उन डैशकैम में भी ADAS के नाम पर लेन बदलने पर ड्राइवर को अलर्ट मिलता है और सही लेन में जाने की सलाह दी जाती है।
गूगल मैप्स ने स्पष्ट किया है कि AI-पॉवर्ड लाइव लेन गाइडेंस फीचर की शुरुआत उन कारों से होगी, जिनमें ‘Google बिल्ट-इन’ (Google built-in) सिस्टम पहले से मौजूद है।
इस फीचर को सबसे पहले आने वाले महीनों में अमेरिका और स्वीडन में Polestar 4 कारों पर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद, गूगल अन्य कार कंपनियों के साथ पार्टनरशिप करके इस फीचर को ज्यादा कार मॉडलों और अन्य प्रकार के रोड पर भी रोलआउट करेगा।










