भगवान बुद्ध के ‘दुर्लभ दांत’ की तस्वीर वायरल, श्रीलंका में हड़कंप!
कैंडी के पवित्र दांत मंदिर से लीक हुई तस्वीर, पुलिस जांच में जुटी—कैसे टूटी सुरक्षा की दीवार?
श्रीलंका के कैंडी स्थित विश्वविख्यात दांत मंदिर में भगवान बुद्ध के पवित्र दांत अवशेष की दुर्लभ प्रदर्शनी के बीच सोशल मीडिया पर उसकी एक कथित तस्वीर वायरल हो गई है। इस घटना ने न सिर्फ धार्मिक श्रद्धालुओं को चौंका दिया है, बल्कि प्रशासन को भी सकते में डाल दिया है।
गौरतलब है कि 16 वर्षों में पहली बार इस पवित्र अवशेष को सार्वजनिक दर्शन के लिए प्रदर्शित किया गया है। इस मौके पर देशभर से हजारों श्रद्धालु मंदिर पहुंचे हैं। लेकिन तस्वीर के वायरल होते ही पवित्रता और सुरक्षा दोनों पर सवाल खड़े हो गए हैं, क्योंकि मंदिर के गर्भगृह में मोबाइल फोन और कैमरे पूरी तरह प्रतिबंधित हैं।
कार्यवाहक पुलिस महानिरीक्षक प्रियंता वीरसूर्या ने पुष्टि की है कि वायरल तस्वीर के स्रोत और परिस्थितियों की जांच शुरू हो चुकी है। यदि आवश्यकता हुई, तो मामले की गहराई से जांच के लिए आपराधिक जांच विभाग (CID) को भी जोड़ा जाएगा।
दांत मंदिर को श्रीलंका में बौद्धों का सबसे पवित्र स्थल माना जाता है। ऐतिहासिक रूप से यह दांत 1590 में कैंडी लाया गया था और तब से यह राष्ट्रीय गर्व और संप्रभुता का प्रतीक बन चुका है।
राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके के अनुरोध पर आयोजित इस प्रदर्शनी ने लोगों को आध्यात्मिक रूप से जोड़ दिया है। लेकिन वायरल तस्वीर ने एक नई बहस छेड़ दी है—कि पवित्रता की रक्षा में आखिर चूक कैसे हुई?
जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, सवाल यही है कि क्या ये तस्वीर आस्था पर धब्बा बनेगी या सुरक्षा व्यवस्था की कलई खोल देगी?










