इस्लामाबाद- रावलपिंडी में टीवी एंकर राबिया अहसान की गोली मारकर हत्या ,पति हिरासत में
आसिफा भुट्टो ने उठाई निष्पक्ष जांच की मांग
महिलाओं के खिलाफ हिंसा के 1.73 लाख से अधिक मामले
इस्लामाबाद(AGENCY ))- पाकिस्तान के रावलपिंडी में एक निजी टीवी चैनल की एंकर और कार्यक्रम संचालक राबिया अहसान की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। 41 वर्षीय राबिया अपने घर में थीं, जब उनके गले के नीचे गोली लगी। घटना के बाद उनके पति ने दावा किया कि पिस्टल संभालते समय अचानक गोली चल गई थी। उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि हथियार में गोली भरी हुई है। हालांकि, राबिया के भाई की शिकायत के बाद पुलिस ने उनके पति को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी बरामद कर ली है और मामले की हत्या के कोण से जांच की जा रही है। राबिया का शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
घटना के वक्त घर के लॉन में थीं बेटियां
रावलपिंडी के सिटी पुलिस अधिकारी हसन सुखेरा के अनुसार, घटना के समय राबिया की 13 और 11 साल की दोनों बेटियां घर के लॉन में अपनी नानी के साथ बैठी थीं। पुलिस ने घर में काम करने वाले एक कर्मचारी से भी पूछताछ की है। सदर बेरूनी थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पंजाब फोरेंसिक साइंस एजेंसी की टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है।
राबिया गुलशनाबाद इलाके में रहती थीं और एक निजी टीवी चैनल में एंकर के साथ-साथ कार्यक्रमों की मेजबानी भी करती थीं। इससे पहले वह वरिष्ठ पत्रकार आमिर मतीन और रऊफ क्लासरा के साथ करंट अफेयर्स से जुड़े कार्यक्रम भी होस्ट कर चुकी थीं।
आसिफा भुट्टो ने उठाई निष्पक्ष जांच की मांग
राबिया की मौत पर पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी की बेटी आसिफा भुट्टो जरदारी ने दुख जताते हुए घटना की निंदा की है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग की, ताकि मौत के पीछे की वास्तविक परिस्थितियां सामने आ सकें और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो।
आसिफा ने रावलपिंडी में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर भी चिंता जताई। उन्होंने अगस्त में इसी शहर में मृत मिली 45 वर्षीय डिजिटल मीडिया अधिकारी हिना जावेद का भी उल्लेख किया था। हिना अपने घर में मृत पाई गई थीं और उनके शरीर पर चोट के निशान मिले थे।
महिलाओं के खिलाफ हिंसा के 1.73 लाख से अधिक मामले
पाकिस्तान में महिलाओं के खिलाफ हिंसा और हत्या की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। पाकिस्तान के मानवाधिकार मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2021 से 2024 के बीच महिलाओं के खिलाफ हिंसा के 1.73 लाख से अधिक मामले दर्ज किए गए। राबिया की मौत ने एक बार फिर देश में महिलाओं की सुरक्षा और उनके खिलाफ होने वाले अपराधों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।










