नई दिल्ली-आज सत्ता पक्ष पर भारी पड़ सकता है विपक्ष ,हो सकता है जोरदार हंगामा
सरकार की ओर से कई विधेयक पेश करने की तैयारी
छात्रों पर कार्रवाई को लेकर कांग्रेस हमलावर
नई दिल्ली(BNE )- सोमवार 10 अगस्त को संसद में चल रहे मानसून सत्र पर सभी दलों की निगाहें टिकी हुई है। आज सत्ता पक्ष और विपक्षी दलों में जोरदार हंगामा होने के आसार लग रहे है। विपक्ष छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से संसद में जवाब की मांग कर रहा है। वहीं, केंद्र सरकार लोकसभा और राज्यसभा में कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश करने की तैयारी में है। कांग्रेस ने प्रस्तावित विदेशी अंशदान (विनियमन) संशोधन विधेयक (FCRA) का भी संसद में जोरदार विरोध करने का ऐलान किया है।
छात्रों पर कार्रवाई को लेकर कांग्रेस हमलावर
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि घटना को 13 दिन बीत जाने के बावजूद गृह मंत्री की ओर से इस मामले पर कोई जवाब नहीं आया है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में छात्रों पर लाठीचार्ज और पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर जवाबदेही तय करने की मांग की।
कांग्रेस का कहना है कि सरकार को संसद में स्पष्ट करना चाहिए कि छात्रों के खिलाफ लाठीचार्ज, पैलेट गन और आंसू गैस के इस्तेमाल का आदेश किस स्तर से दिया गया।
FCRA संशोधन विधेयक पर विपक्ष का विरोध
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने केरल के अलाप्पुझा में कहा कि यदि केंद्र सरकार FCRA संशोधन विधेयक संसद में पेश करती है तो कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल इसका विरोध करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रस्तावित कानून अल्पसंख्यकों और गैर-सरकारी संगठनों को प्रभावित करने वाला है।
वेणुगोपाल ने प्रस्तावित परिसीमन विधेयक पर भी आपत्ति जताते हुए कहा कि इससे उन राज्यों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, जिन्होंने जनसंख्या नियंत्रण के उपायों को सफलतापूर्वक लागू किया है।
सरकार की ओर से कई विधेयक पेश करने की तैयारी
विपक्ष के विरोध के बीच केंद्र सरकार सोमवार को संसद में कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश करने की तैयारी में है। लोकसभा की कार्यसूची में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से संबंधित केरल नाम परिवर्तन विधेयक और राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम संशोधन विधेयक शामिल हैं। वहीं, राज्यसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण भी एक विधेयक पेश करेंगी।
प्रधानमंत्री से मिलेंगे एनसीपी (एसपी) सांसद
एनसीपी (एसपी) के सांसद सोमवार को पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। सुप्रिया सुले के मुताबिक, बैठक में महाराष्ट्र से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। हालांकि, पार्टी ने FCRA संशोधन विधेयक को लेकर अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा है कि मौजूदा स्वरूप में यह विधेयक उसके विचारों के अनुरूप नहीं है।
राहुल गांधी ने छात्रों के समर्थन में कहा है कि वह उनकी मांगों के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं। ऐसे में सोमवार को संसद की कार्यवाही के दौरान छात्रों पर पुलिस कार्रवाई, FCRA संशोधन विधेयक और परिसीमन जैसे मुद्दों पर विपक्ष के हंगामे के आसार हैं।










