MUMBAI :सड़क हादसे में घायल हुई अभिनेता सोनू सूद की पत्नी-नागपुर के मैक्स अस्पताल में भर्ती
सोनाली सूद की कार ट्रक जा भिड़ी ,अन्य परिजन भी हुए घायल.
अस्पताल के सूत्रों के अनुसार, अगले 48 से 72 घंटों तक दोनों को डॉक्टरों की निगरानी में रखा जाएगा।
मुंबई (BNE ): फिल्म अभिनेता सोनू सूद से जुडी एक बड़ी खबर मिल रही है। सोमवार देर रात सोनू सूद की पत्नी सोनाली सूद और परिवार के अन्य सदस्यों का मुंबई-नागपुर हाईवे पर एक्सीडेंट हो गया। सोनू सूद के परिवार के एक करीबी सूत्र ने जानकारी दी कि यह हादसा सोमवार रात हुआ जब सोनाली सूद, उनकी भाभी और कुछ अन्य रिश्तेदार एक कार में सवार होकर कहीं जा रहे थे। उनकी कार की एक ट्रक से टक्कर हो गई।
हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है, जिसकी तस्वीरें भी सामने आई हैं। बताया जा रहा है कि कार में मौजूद सोनाली सूद और उनके एक भांजे को चोटें आई हैं। दोनों को नागपुर के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल के सूत्रों के अनुसार, अगले 48 से 72 घंटों तक दोनों को डॉक्टरों की निगरानी में रखा जाएगा।
सूत्र ने यह भी बताया कि जैसे ही सोनू सूद को दुर्घटना की खबर मिली, वह तुरंत नागपुर के लिए रवाना हो गए और कल रात से ही अपनी पत्नी के साथ हैं। अभिनेता के प्रवक्ता ने भी इस खबर की पुष्टि करते हुए कहा, “हां, सोनाली का एक्सीडेंट हुआ है। सोनू फिलहाल नागपुर में अपनी पत्नी के साथ हैं।” अस्पताल के मेडिकल स्टाफ ने बताया कि सोनाली और उनके भतीजे की हालत स्थिर है और अगले कुछ दिनों तक उनका विशेष ध्यान रखा जाएगा। सोनाली की बहन के बारे में बताया गया है कि उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई है और वह मामूली रूप से घायल हैं।
नागपुर के पुलिस कमिश्नर रविंद्र सिंगल ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह हादसा सोमवार रात को हुआ। सोनू सूद की पत्नी और अन्य लोग जिस कार में सवार थे, वह एक ट्रक से टकरा गई थी। उन्होंने बताया कि टक्कर के बाद कार के एयरबैग खुल गए, जिसकी वजह से कार में सवार लोगों को ज्यादा चोटें नहीं आईं, हालांकि कार को काफी नुकसान पहुंचा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।









