चंडीगढ़-आप के दो विधायकों ने दिया इस्तीफा- भाजपा ज्वाइन करने की चर्चाएं
चंडीगढ़ में अमित शाह के कार्यक्रम के दौरान नए राजनीतिक विकल्प की संभावना
पार्टी के भीतर संगठनात्मक बदलावों से असंतुष्ट थे पूर्व मंत्री जौड़ामाजरा
कानूनी मामलों और विवादों के बीच हरमीत पठानमाजरा ने बनाई दूरी
चंडीगढ़ (BNE): पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए आम आदमी पार्टी (AAP) द्वारा 40 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी किए जाने के बाद पार्टी में आंतरिक फेरबदल देखने को मिला है। पटियाला जिले के दो विधायकों- समाना से पूर्व कैबिनेट मंत्री व विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा और सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि दोनों नेता आज चंडीगढ़ में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो सकते हैं। दोनों नेताओं ने पार्टी छोड़ने की वजह साझा करने के लिए चंडीगढ़ में शाम 4:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है।
पार्टी के भीतर संगठनात्मक बदलावों से असंतुष्ट थे पूर्व मंत्री जौड़ामाजरा
समाना से विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा भगवंत मान सरकार में मंत्री के रूप में कार्य कर चुके हैं। जानकारी के अनुसार, वह कुछ समय से संगठन के कुछ फैसलों से असहमत चल रहे थे। हाल ही में पार्टी नेतृत्व ने पूर्व अकाली नेता सुरजीत सिंह रखड़ा को समाना विधानसभा क्षेत्र का हलका इंचार्ज नियुक्त किया था, जिसके बाद से ही क्षेत्र में राजनीतिक बदलावों को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई थीं। माना जा रहा है कि इसी संगठनात्मक निर्णय से असंतुष्ट होकर जौड़ामाजरा ने पार्टी से अलग होने का कदम उठाया।
कानूनी मामलों और विवादों के बीच हरमीत पठानमाजरा ने बनाई दूरी
वहीं, सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा भी पिछले कुछ समय से विवादों में रहे थे। उनके खिलाफ एक महिला की शिकायत के आधार पर कानूनी मामला दर्ज हुआ था, जिसके बाद वह कुछ समय के लिए विदेश (ऑस्ट्रेलिया) चले गए थे। बाद में भारत लौटने पर पुलिस ने उन्हें जांच के सिलसिले में हिरासत में लिया था। पठानमाजरा इन कानूनी प्रक्रियाओं को लेकर अपनी ही सरकार और पार्टी नेतृत्व से दूरी बनाए हुए थे और अंततः उन्होंने प्राथमिक सदस्यता छोड़ने का निर्णय लिया।
चंडीगढ़ में अमित शाह के कार्यक्रम के दौरान नए राजनीतिक विकल्प की संभावना
दोनों विधायकों के इस्तीफे के बाद मालवा क्षेत्र में नए राजनीतिक समीकरण बनते दिख रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि दोनों नेताओं की बातचीत भाजपा के रणनीतिकारों के साथ चल रही है और चंडीगढ़ में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति के दौरान उनके भाजपा में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच दोनों मौजूदा विधायकों का यह कदम राज्य के सियासी परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।










