LUCKNOW-जरूरतमंद को समय पर रक्त उपलब्ध कराना मानवता की सर्वोच्च सेवा- माता प्रसाद पांडेय
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिवस के अवसर पर वासुदेव फाउंडेशन ने आयोजित किया रक्तदान शिविर
सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सैकड़ों यूनिट रक्तदान किया।
LUCKNOW (BNE ) समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिवस के अवसर पर वासुदेव फाउंडेशन द्वारा गोमतीनगर स्थित मैक्स हॉस्पिटल में आयोजित महा रक्तदान शिविर में समाजसेवा का प्रेरक उदाहरण देखने को मिला। शिविर में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सैकड़ों यूनिट रक्तदान किया। इस अवसर पर रक्तदान के माध्यम से मानव जीवन बचाने और समाज में सेवा की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि, “रक्तदान सबसे बड़ा जीवनदान है। किसी जरूरतमंद को समय पर रक्त उपलब्ध कराना मानवता की सर्वोच्च सेवा है। समाज में ऐसे जनकल्याणकारी अभियान लगातार आयोजित होने चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस महादान से जुड़ें और दूसरों के जीवन की रक्षा में अपनी भागीदारी निभाएं।”
वासुदेव फाउंडेशन के संस्थापक आनंद आज़ाद ने कहा कि, “हमारा उद्देश्य केवल एक कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज में स्वैच्छिक रक्तदान की संस्कृति को मजबूत करना है। अखिलेश यादव जी के जन्मदिवस को जनसेवा के पर्व के रूप में मनाते हुए सैकड़ों लोगों ने रक्तदान कर यह साबित किया है कि समाज में संवेदनशीलता और मानवता की भावना आज भी जीवंत है। भविष्य में भी फाउंडेशन इसी प्रकार के जनहित और समाजसेवा से जुड़े अभियान निरंतर चलाता रहेगा।”

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं मेडिकल टीम की देखरेख में रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया गया। रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित भी किया गया। पूरे आयोजन में युवाओं, स्वयंसेवकों और समाजसेवियों की उल्लेखनीय भागीदारी रही, जिससे यह महा रक्तदान शिविर जनसेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का एक सफल एवं प्रेरणादायी आयोजन बन गया।











