नवयुग कन्या महाविद्यालय में दिव्यांगजन एवं वंचित वर्गों हेतु सरकारी योजनाओं पर व्याख्यान
डॉ. आकांक्षा दीक्षित ने छात्राओं को योजनाओं का लाभ लेने हेतु आवेदन प्रक्रिया एवं पात्रता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा कीं
प्राचार्या प्रोफेसर मंजुला उपाध्याय ने भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने पर जोर दिया।
लखनऊ (BNE )नवयुग कन्या महाविद्यालय में विकलांग विद्यार्थियों, सामाजिक एवं आर्थिक रूप से वंचित समूह (एसईडीजीएस) पर गठित सेल एवं बी.एड. विभाग के संयुक्त तत्वावधान में “दिव्यांगजन और अन्य वंचित समूहों के लिए सरकारी नीतियां” विषय पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. आकांक्षा दीक्षित रहीं।

व्याख्यान के माध्यम से छात्राओं को दिव्यांगजनों, अन्य पिछड़े वर्ग एवं आरक्षित श्रेणी के विद्यार्थियों के लिए केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इनमें पूर्वदशम छात्रवृत्ति योजना, शुल्क प्रतिपूर्ति योजना, शादी अनुदान योजना, कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना, छात्रावास निर्माण योजना, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना, दिव्यांग पेंशन योजना, कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाएं प्रमुख रहीं। डॉ. दीक्षित ने छात्राओं को योजनाओं का लाभ लेने हेतु आवेदन प्रक्रिया एवं पात्रता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा कीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर मंजुला उपाध्याय ने की। उन्होंने अतिथि वक्ता का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने पर जोर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना के साथ हुआ। अतिथि का स्वागत बी.एड. विभाग की प्रोफेसर रशीदा खातून द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का संचालन मनोविज्ञान विभाग की डॉ. सोनल अग्रवाल ने सुचारू रूप से किया। कार्यक्रम को सफल एवं उपयोगी बनाने में रसायन विज्ञान विभाग की डॉ. ममता वर्मा, जंतु विज्ञान विभाग की विमला बिंद तथा वनस्पति विज्ञान विभाग की डॉ. स्नेहा चौधरी का विशेष योगदान रहा।
अंत में बी.एड. विभाग की प्रोफेसर सरिता कनौजिया ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बी.एड. विभाग की प्रवक्ता प्रोफेसर निशी गुप्ता, डॉ. मनीषा बड़ौनियां सहित महाविद्यालय की अन्य प्रवक्ताओं एवं छात्राओं की उपस्थिति सराहनीय रही।










