‘Kesari Chapter 2’ ने रिलीज से पहले ही मचाया धमाल, अक्षय कुमार को मिला नेटिज़न्स का स्टैंडिंग ओवेशन
जलियांवाला बाग की त्रासदी पर बनी फिल्म को फैंस ने बताया ‘राष्ट्रीय पुरस्कार’ के काबिल, अक्षय-आर माधवन के अभिनय की हो रही है जमकर तारीफ
अक्षय कुमार, आर माधवन और अनन्या पांडे की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘Kesari Chapter 2’ सिनेमाघरों में रिलीज से पहले ही सोशल मीडिया पर धूम मचा रही है। करण सिंह त्यागी के निर्देशन में बनी यह फिल्म जलियांवाला बाग हत्याकांड की पृष्ठभूमि पर आधारित एक ऐतिहासिक कोर्ट रूम ड्रामा है, जो वकील सी. शंकरन नायर के संघर्ष को उजागर करती है।
हाल ही में दिल्ली में फिल्म की एक विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई, जिसमें फैंस, राजनीतिक हस्तियों और फिल्म समीक्षकों को आमंत्रित किया गया था। स्क्रीनिंग के बाद सोशल मीडिया पर #KesariChapter2 ट्रेंड करने लगा। दर्शकों ने फिल्म को ‘रोंगटे खड़े कर देने वाला अनुभव’ बताया और अक्षय कुमार के अभिनय को राष्ट्रीय पुरस्कार के लायक करार दिया।
नेटिज़न्स ने टीजर को जितना पसंद किया था, फिल्म की संपूर्ण कहानी ने उससे कहीं ज़्यादा भावनात्मक प्रभाव छोड़ा। एक यूज़र ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “इतिहास की किताबों से कहीं अधिक गहराई और भावनाओं को दिखाती है ये फिल्म। इसे हर भारतीय को देखना चाहिए।”
अभिनेता राणा दग्गुबाती ने भी फिल्म को “अविश्वसनीय और जरूरी सिनेमा” बताते हुए इसे अन्य भाषाओं में भी रिलीज़ करने की वकालत की। धर्मा मूवीज़ की इस पेशकश को दर्शकों से इतना जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है कि फिल्म को पहले ही ‘मस्ट वॉच ऑफ द ईयर’ कहा जा रहा है।
फिल्म 18 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है और फैंस इसे लेकर बेहद उत्साहित हैं।










