
कन्नौज: आईटीआई कन्नौज के प्रशिक्षार्थियों को मिला रोजगार का अवसर
जगत अरोमा ऑयल डिस्टिलरी में 04 का अंतिम चयन
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। कौशल विकास एवं रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण के उद्देश्य से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, बेहरिन द्वारा जनपद के प्रतिष्ठित औद्योगिक प्रतिष्ठान जगत अरोमा ऑयल डिस्टिलरी, कन्नौज के सहयोग से एक प्लेसमेंट प्रक्रिया का सफल आयोजन किया गया। इस प्रक्रिया में संस्थान के 04 प्रशिक्षार्थियों का चयन कंपनी में रोजगार हेतु किया गया ।
चयनित प्रशिक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों को कंपनी परिसर का विस्तृत भ्रमण भी कराया गया। इस दौरान कंपनी के प्रतिनिधि दिलीप दुबे द्वारा उत्पादन इकाई, विभिन्न विभागों, कार्यप्रणाली एवं सुरक्षा मानकों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई । उन्होंने प्रशिक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों को उद्योग में उपलब्ध अवसरों, कार्य संस्कृति तथा भविष्य की संभावनाओं के बारे में विस्तार से समझाया । इस पहल से प्रशिक्षार्थियों को उद्योग जगत की वास्तविक कार्यप्रणाली को निकट से समझने का अवसर प्राप्त हुआ । भ्रमण के दौरान संस्थान की ओर से मयंक यादव भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर कंपनी के प्रबंध निदेशक प्रदीप नारायण कपूर ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी युग में निरंतर अपनी विधा से संबंधित ज्ञान अर्जित करना तथा स्वयं को नवीन तकनीकों एवं औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप अद्यतन बनाए रखना सफलता का मूल मंत्र है। उन्होंने प्रशिक्षार्थियों को सीखने की निरंतर प्रवृत्ति विकसित करने, अपने कौशल को समय-समय पर उन्नत करते रहने तथा कार्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि उद्योगों को ऐसे युवाओं की आवश्यकता है जो सीखने के लिए सदैव तत्पर रहें और बदलती तकनीकों के साथ स्वयं को ढाल सकें ।
संस्थान के प्रधानाचार्य अनुज कुमार मौर्या ने चयनित प्रशिक्षार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कौशल विकास तभी सार्थक है जब वह रोजगार एवं आत्मनिर्भरता से जुड़ सके । उन्होंने कहा कि संस्थान का सतत प्रयास है कि प्रशिक्षार्थियों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी प्रशिक्षण के साथ-साथ उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएं । उन्होंने इस पहल को जनपद कन्नौज में उद्योग एवं प्रशिक्षण संस्थानों के मध्य सहयोग का एक उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए कहा कि प्रशिक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों को सीधे उद्योग से जोड़ने का यह प्रयास न केवल उनके आत्मविश्वास को बढ़ाता है, बल्कि रोजगार के प्रति उनकी समझ को भी सुदृढ़ करता है । उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में ऐसे और प्रयासों के माध्यम से अधिकाधिक प्रशिक्षार्थियों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
यह पहल जनपद कन्नौज में उद्योग एवं कौशल प्रशिक्षण संस्थानों के मध्य समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक अनूठा एवं सराहनीय प्रयास है ।
Post Views: 5