कन्नौज: 5 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई डुबकी, पूर्व संध्या पर हुई गंगा महाआरती
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। मेहंदी घाट पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बुधवार तड़के से ही 5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई और पूजा-अर्चना की। प्रशासन ने भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए थे।
आसपास के जिलों जैसे हरदोई, कानपुर देहात, औरैया, इटावा और मैनपुरी से श्रद्धालु मंगलवार शाम से ही मेहंदी घाट पहुंचना शुरू हो गए थे।
बुधवार सुबह होते ही गंगा में स्नान का सिलसिला शुरू हो गया, जो दोपहर बाद तक जारी रहा।
श्रद्धालुओं ने मेहंदी घाट स्थित शिव मंदिर और गंगा मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके अतिरिक्त, शहर के प्राचीन मंदिरों में भी दर्शनार्थियों की भीड़ देखी गई।
श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने विशेष व्यवस्थाएं की थीं। भीड़ प्रबंधन के लिए रूट डायवर्ट किया गया। देर रात से ही पुलिस बल, फ्लड पीएसी और गोताखोरों को घाटों पर तैनात किया गया था। पुलिसकर्मी स्नान करने वालों पर लगातार नजर रख रहे थे, ताकि किसी भी अप्रिय घटना या डूबने जैसी स्थिति से बचा जा सके।
मेहंदी घाट पर मेला क्षेत्र में कई सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे, जिनकी मदद से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। कंट्रोल रूम में पुलिस अधिकारी लगातार कैमरों की
फुटेज की निगरानी कर रहे थे। मेहंदी घाट से लगभग एक किलोमीटर पहले पार्किंग स्थल बनाए गए थे, जहा ट्रैक्टर, बसें, कारें और बाइकें खड़ी की गईं। इन व्यवस्थाओं के बावजूद, गंगा की ओर जाने वाली सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रही, और यातायात कर्मियों को व्यवस्था बनाए रखने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
इस से पूर्व ऐतिहासिक मेंहदी घाट पर कार्तिक पूर्णिमा की पूर्व संध्या श्रद्धा, उत्साह और आध्यात्मिक आस्था के रंगों से सराबोर रही। दीपोत्सव, कवि सम्मेलन, रंगोली प्रतियोगिता एवं गंगा महाआरती जैसे विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन से घाट का सम्पूर्ण परिसर भक्ति और आनंद से आलोकित हो उठा। रंगोली प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी सृजनात्मकता का सुंदर प्रदर्शन किया, वहीं कवि सम्मेलन में कवियों ने अपनी ओजपूर्ण रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।
गंगा महाआरती के दौरान सैकड़ों दीपों की झिलमिलाहट और मंत्रोच्चारों की गूंज ने वातावरण को अलौकिक बना दिया। श्रद्धालु हाथों में दीप लिए आरती में सम्मिलित हुए और माता गंगा से जनकल्याण की कामना की।
इस अवसर पर पार्टी जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, प्रभागीय वनाधिकारी हेमंत सेठ, उप जिलाधिकारी सदर सुश्री वैशाली, प्रशिक्षु आईएएस अर्पित कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।










