



चीन के लियाओयांग शहर में रेस्तरां में भयंकर आग, 22 की मौत, 3 घायल
बीते एक महीने में दूसरी बड़ी आग की घटना, राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने दिए घायलों के इलाज के निर्देश
चीन के लियाओनिंग प्रांत के लियाओयांग शहर में मंगलवार दोपहर एक रेस्तरां में भीषण आग लगने से कम से कम 22 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा दोपहर 12:25 बजे हुआ। चीनी सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने पुष्टि की कि आग के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है।
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने इस घटना को अत्यंत गंभीर बताते हुए घायलों के समुचित इलाज के लिए हरसंभव प्रयास करने का निर्देश दिया है। यह इस महीने की दूसरी बड़ी आग की घटना है। इससे पहले उत्तरी चीन के हेबेई प्रांत में एक नर्सिंग होम में आग लगने से 20 बुजुर्गों की जान चली गई थी।
विशेषज्ञों के अनुसार, चीन में ऐसी घटनाओं के पीछे अक्सर खराब इमारती ढांचा, अग्निशमन उपायों की कमी और अवैध रूप से संग्रहीत ज्वलनशील पदार्थ होते हैं। कई बार यह भ्रष्टाचार की देन भी होता है।
अगर आग रेस्तरां की रसोई से शुरू हुई, तो संभवतः यह खुली लपटों पर लोहे की कड़ाही या लोकप्रिय ‘हॉट पॉट’ डिश पकाने के दौरान लगी हो सकती है। लियाओयांग, जो एक समय औद्योगिक केंद्र रहा है, अब आर्थिक संकट और जनसंख्या पलायन से जूझ रहा है, जिससे सुरक्षा मानकों में गिरावट आई है।