



कनाडाई सांसद चंद्रा आर्या पर गिरी गाज: लिबरल पार्टी ने चुनाव लड़ने से रोका
पीएम मोदी से मुलाकात बनी सजा, भारत यात्रा पर नहीं दी थी सरकार को जानकारी
भारतीय मूल के कनाडाई सांसद चंद्रा आर्या को लिबरल पार्टी ने बड़ा झटका दिया है। पार्टी ने उन पर प्रतिबंध लगाते हुए अपने बैनर तले चुनाव लड़ने से रोक दिया है। यह कार्रवाई भारत सरकार के साथ कथित नजदीकी संबंध रखने के आरोपों के बाद की गई है।
भारत यात्रा बनी विवाद की जड़
चंद्रा आर्या बीते वर्ष भारत दौरे पर आए थे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। द ग्लोब एंड मेल की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने इस यात्रा की जानकारी कनाडा सरकार को नहीं दी थी। खास बात यह है कि जब चंद्रा आर्या भारत गए थे, उस समय भारत और कनाडा के संबंध काफी तनावपूर्ण थे। उस दौरान दोनों देशों के बीच व्यापारिक समझौतों और राजनीतिक मतभेदों को लेकर विवाद चरम पर था।
राजनीतिक भविष्य पर खतरा
भारत-कनाडा संबंध पहले से ही खालिस्तान मुद्दे और अन्य विवादों के कारण तनाव में हैं। ऐसे में चंद्रा आर्या की भारत यात्रा ने उनके राजनीतिक करियर को संकट में डाल दिया है। लिबरल पार्टी के इस फैसले से उनका राजनीतिक भविष्य अब अनिश्चितता की ओर बढ़ गया है। पार्टी के इस कड़े रुख के बाद अब वह भविष्य में लिबरल पार्टी के टिकट पर किसी भी चुनाव में हिस्सा नहीं ले सकेंगे।
अब तक इस पूरे विवाद पर चंद्रा आर्या की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन यह मामला कनाडा की राजनीति में एक नई बहस को जन्म दे सकता है।