शक्तिनगर पुलिस को बड़ी सफलता, स्वर्णाभूषण लूट कांड का वांछित अभियुक्त गिरफ्तार
लूटे गए आभूषण व मोबाइल फोन बरामद, एक लाख पचास हजार रुपये की बरामदगी
सोनभद्र(BNE) थाना शक्तिनगर पुलिस ने बस स्टैण्ड काली मंदिर के पास हुई स्वर्णाभूषण लूट की घटना में संलिप्त एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से लूटे गए कीमती आभूषण एवं एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी के निर्देशन में तथा थानाध्यक्ष शक्तिनगर कमल नयन दूबे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
थाना शक्तिनगर पर पंजीकृत मु0अ0सं0–191/2025, धारा 309(4), 317(2) से संबंधित लूट के मामले में वांछित अभियुक्त रोहित पुत्र राजेश राम (उम्र लगभग 19 वर्ष), निवासी बस स्टैण्ड काली मंदिर, शक्तिनगर, को दिनांक 21 दिसंबर 2025 को प्रातः 06:50 बजे मुखबिर की सूचना पर कोटा बोट प्वाइंट तिराहा से गिरफ्तार किया गया।
बरामदगी का विवरण
गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से गुलाबी रंग की पन्नी में रखे लूटे गए आभूषण बरामद किए गए, जिनमें—
06 जोड़ी चांदी की पायल
09 चांदी की बिछिया
01 चांदी का लॉकेट (हनुमान जी छाप)
01 बच्चों के हाथ का चांदी का कंगन
01 एंड्रॉयड मोबाइल फोन (ओप्पो कंपनी, लाल रंग)
बरामदशुदा माल की अनुमानित कीमत ₹1,50,000/- (एक लाख पचास हजार रुपये) बताई गई है।
पूछताछ में हुआ खुलासा
पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने स्वीकार किया कि दिनांक 15 नवंबर 2025 को बस स्टैण्ड काली मंदिर, शक्तिनगर क्षेत्र में एक सोनार से हुई लूट की घटना में ये आभूषण उसके हिस्से में आए थे। इस वारदात को उसने अपने साथियों रोशन, साजन एवं सोनू के साथ मिलकर अंजाम दिया था।
अभियुक्त के अनुसार, उसने सोनार की दुकान बंद होने के बाद उसके घर जाने की लोकेशन मोबाइल फोन के माध्यम से अपने साथियों को भेजी थी, जिसके बाद साथियों ने असलहे के बल पर सोनार से आभूषणों से भरा बैग लूट लिया। घटना के बाद सभी आरोपी पैदल गली मार्ग से फरार हो गए।
अभियुक्त ने यह भी बताया कि रोशन एवं सोनू द्वारा दिनांक 29 नवंबर 2025 को नगर उटारी, जिला गढ़वा में भी इसी प्रकार की एक लूट की घटना को अंजाम दिया गया था, जिसमें गोली चलने की सूचना सामने आई थी। बरामद आभूषणों को अभियुक्त बेचने की फिराक में था।
गिरफ्तारी व बरामदगी के बाद अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष चालान कर दिया गया है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
श्री कमल नयन दूबे — थानाध्यक्ष, शक्तिनगर
उ0नि0 श्री जितेन्द्र सरोज — चौकी प्रभारी, बीना
कां0 राम जी — चौकी बीना
कां0 अक्षय कुमार यादव — थाना शक्तिनगर










