अहमदाबाद-भारतीय टीम ने फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रनों से रौंदा
तीसरी बार वर्ल्ड चैंपियन बनी भारतीय क्रिकेट टीम
भारतीय गेंदबाजों के सामने नतमस्तक हुए न्यूजीलैंड के बल्लेबाज
अहमदाबाद (BNE ): आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के हुए फाइनल मैच में रविवार को भारतीय क्रिकेट टीम ने अद्भुत प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 96 रनों के विशाल अंतर से रौंद दिया है। अहमदाबाद में खेले गए इस खिताबी मुकाबले में मिली धमाकेदार जीत के साथ ही टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप की चमचमाती ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने कीवी टीम के सामने 256 रनों का पहाड़ जैसा लक्ष्य खड़ा किया था। इस बड़े स्कोर के दबाव में न्यूजीलैंड की टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और महज 159 रनों के स्कोर पर ही ढेर हो गई।
टीम इंडिया ने रच दिया इतिहास
इस खिताबी जीत के साथ ही सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने वो कारनामा कर दिखाया है जो क्रिकेट इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ। भारत अब टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में तीसरी बार खिताब जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है। इतना ही नहीं, टीम इंडिया ने अपने टाइटल को सफलतापूर्वक डिफेंड करके लगातार तीन बार यह ट्रॉफी जीतने का अनोखा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। साथ ही यह पहला मौका है जब किसी मेजबान देश ने अपनी सरजमीं पर टी20 विश्व कप का खिताब जीता है। दूसरी ओर, न्यूजीलैंड का पहली बार चैंपियन बनने का सपना एक बार फिर टूट गया है।
संजू, अभिषेक और ईशान की आंधी में उड़ी कीवी टीम
मैच में भारतीय बल्लेबाजों ने शुरू से ही आक्रामक रुख अपनाया। संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की ताबड़तोड़ फिफ्टी के साथ-साथ शिवम दुबे की 26 रनों की तूफानी पारी के दम पर भारत ने 256 रनों का विशाल स्कोर बनाया। ओपनर अभिषेक और संजू ने पहले विकेट के लिए शानदार साझेदारी की। अभिषेक ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए महज 18 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और 52 रन बनाकर आउट हुए। उनके बाद संजू सैमसन ने भी मात्र 33 गेंदों में फिफ्टी जड़कर अपनी लय बरकरार रखी। संजू ने 46 गेंदों में 89 रनों की सबसे बड़ी पारी खेली। मध्यक्रम में ईशान किशन ने भी मौका भुनाते हुए 23 गेंदों में 54 रन कूट डाले। हालांकि 16वें ओवर में जेम्स नीशम ने तीन विकेट लेकर भारत को झटके दिए, लेकिन अंत में शिवम दुबे ने महज 8 गेंदों में 26 रन ठोक कर स्कोर को 256 तक पहुंचा दिया।
भारतीय गेंदबाजों के सामने नतमस्तक हुए न्यूजीलैंड के बल्लेबाज
257 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। ओपनर फिन एलन बिना खाता खोले ही अक्षर पटेल का शिकार बन गए। इसके तुरंत बाद जसप्रीत बुमराह ने रचिन रविंद्र को भी महज 1 रन पर पवेलियन भेज दिया। एक छोर से टिम सीफर्ट ने संघर्ष करते हुए 23 गेंदों में अर्धशतक जरूर जड़ा, लेकिन 52 रनों के निजी स्कोर पर वरुण चक्रवर्ती ने उन्हें आउट कर कीवी टीम की कमर तोड़ दी। इसके बाद बुमराह और अक्षर पटेल की घातक गेंदबाजी के आगे कोई भी कीवी बल्लेबाज टिक नहीं सका। बुमराह ने नीशम, हेनरी और कप्तान सैंटनर को बोल्ड कर न्यूजीलैंड को 159 रनों पर ही समेट दिया।
ऐसी रही दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
भारत (प्लेइंग XI): अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेट कीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह
न्यूजीलैंड (प्लेइंग XI): टिम सीफर्ट (विकेट कीपर), फिन एलन, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, जेम्स नीशम, मिशेल सेंटनर (कप्तान), मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन, जैकब डफी










