नई दिल्ली-क्रिकेटर मोहम्मद शमी ने भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन से की मुलाकात
राजनीति में एंट्री के संकेत ,अल्पसंख्यक मोर्चे में कोई बड़ी जिम्मेदारी भी मिलने की संभावना
मोहम्मद शमी ने हाल ही में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की थी। उन्होंने वर्ष 2013 से 2025 के बीच भारत के लिए 64 टेस्ट मुकाबले खेले
नई दिल्ली(BNE)- उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की राजनीति में क्रिकेटर मोहम्मद शमी की संभावित एंट्री को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की। इस मुलाकात की तस्वीर सामने आने के बाद उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही हैं। चर्चा है कि पार्टी उन्हें अल्पसंख्यक मोर्चे में कोई बड़ी जिम्मेदारी भी दे सकती है।
बासित अली ने करवाई मुलाकात
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चे के अध्यक्ष कुंवर बासित अली ने मोहम्मद शमी की नितिन नबीन से मुलाकात करवाई। दोनों नेताओं के साथ शमी की तस्वीर सामने आने के बाद उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। हालांकि, भाजपा में उनके शामिल होने या किसी पद की जिम्मेदारी मिलने को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
जयंत चौधरी से भी मिले थे शमी
इससे पहले सितंबर में मोहम्मद शमी ने राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के अध्यक्ष जयंत चौधरी से भी मुलाकात की थी। जयंत चौधरी ने सोशल मीडिया पर शमी के साथ तस्वीर साझा की थी। उस समय भी उनके राजनीति में आने और उत्तर प्रदेश की अमरोहा सीट से चुनाव लड़ने की अटकलें लगाई गई थीं। अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात के बाद इन चर्चाओं को फिर हवा मिल गई है।
टेस्ट क्रिकेट से ले चुके हैं संन्यास
मोहम्मद शमी ने हाल ही में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की थी। उन्होंने वर्ष 2013 से 2025 के बीच भारत के लिए 64 टेस्ट मुकाबले खेले। वह आखिरी बार भारतीय टीम की ओर से 2025 चैंपियंस ट्रॉफी में अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेलते नजर आए थे। इसके बाद से वह टीम से बाहर चल रहे हैं। अब उनकी राजनीतिक मुलाकातों ने उनके अगले कदम को लेकर नई अटकलें पैदा कर दी हैं।









