दिल्ली के विश्वास नगर में एक मकान में भीषण आग लगने से चार लोगों की मौत ,2 लोग झुलसे
शुरुआती जांच में आग लगने की वजह ई-रिक्शा का चार्जिंग पॉइंट बताया जा रहा है।
दमकल विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। विभाग के अनुसार, आग पर काबू पा लिया गया है।
नई दिल्ली (BNE) : दिल्ली के विश्वास नगर में रविवार तड़के एक मकान में भीषण आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य झुलस गए। आग यूनिटी मॉल के पास गली नंबर-11 स्थित एक मकान के उस हिस्से में लगी, जहां ई-रिक्शा पार्क किए जाते थे। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह ई-रिक्शा का चार्जिंग पॉइंट बताया जा रहा है। आशंका है कि चार्जिंग के दौरान ई-रिक्शा में ब्लास्ट होने से आग भड़की।
दमकल विभाग के मुताबिक, सुबह करीब 4 बजकर 13 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। इनमें एक वाटर टेंडर, एक वाटर बाउजर और एक क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल शामिल था। दमकलकर्मियों ने मकान की बीच वाली मंजिल पर फंसे छह लोगों को बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो लोग करीब 10 प्रतिशत झुलसे हुए हैं। दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है। दमकल विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। विभाग के अनुसार, आग पर काबू पा लिया गया है।
शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि पुलिस को आग लगने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने विश्वास नगर की गली नंबर-11 में पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। हादसे में चार लोगों की मौत हुई है, जबकि दो अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत स्थिर है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आग ई-रिक्शा के चार्जिंग पॉइंट से शुरू हुई और पहली मंजिल पर सो रहे लोग इसकी चपेट में आ गए। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
वहीं, एक पड़ोसी के मुताबिक, आग सुबह करीब 3:30 बजे लगी थी। जब तक दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, तब तक आग काफी फैल चुकी थी। बताया जा रहा है कि ई-रिक्शा चलाने वाले कुछ लोग किराये पर कमरा लेकर मकान के ग्राउंड फ्लोर पर रहते थे। रात के समय एक ई-रिक्शा चार्जिंग पर लगा हुआ था। आग लगने के दौरान ई-रिक्शा में जोरदार धमाका भी हुआ था।
गौरतलब है कि इससे पहले दिल्ली की गफ्फार मार्केट में भी भीषण आग लगने की घटना सामने आई थी। वहां आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की गाड़ियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी थी









