कोलकाता-16 दिसंबर तक बांग्लादेश पर कब्जा कर हिंदुओं की हत्याओं का बदला लिया जाएगा-परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह
यह बयान ऐसे समय आया है, जब बांग्लादेश में राजनीतिक अस्थिरता और हिंदुओं के खिलाफ हिंसा को लेकर तनाव बना हुआ है
बांग्लादेश के मामले में अब कोई बहाना नहीं चलेगा। वहां जिस तरह से हिंदुओं की हत्या की गई है, हम उसका बदला जरूर लेंगे। इसमें कोई शक नहीं है।’
कोलकाता (BNE) : बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमलों और हत्याओं को लेकर भारत में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इस बीच पश्चिम बंगाल सरकार के परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह ने एक विवादित बयान देकर नया राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा है कि 16 दिसंबर तक बांग्लादेश पर कब्जा कर लिया जाएगा और वहां हिंदुओं की हत्याओं का बदला लिया जाएगा।
काकिनारा में गंगा आरती के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए अर्जुन सिंह ने कहा, ‘हम 16 दिसंबर तक बांग्लादेश पर कब्जा कर लेंगे। अब बहुत हो चुका है। बांग्लादेश के मामले में अब कोई बहाना नहीं चलेगा। वहां जिस तरह से हिंदुओं की हत्या की गई है, हम उसका बदला जरूर लेंगे। इसमें कोई शक नहीं है।’
उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब बांग्लादेश में राजनीतिक अस्थिरता और हिंदुओं के खिलाफ हिंसा को लेकर तनाव बना हुआ है। दूसरी ओर, बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री पहले ही कह चुके हैं कि पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को देश लौटने की अनुमति तभी मिलेगी, जब वह कैदी के रूप में आएंगी।
इस बीच मंगलवार को बांग्लादेश खिलाफत मजलिस के प्रमुख मौलाना मामूनुल हक ने भी शेख हसीना की वापसी को लेकर बयान दिया। उन्होंने कैदी अदला-बदली समझौते के तहत भारत से शेख हसीना को बांग्लादेश वापस भेजने की मांग की। उन्होंने आवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर हिंसा, आगजनी और हत्याओं के जरिए देश को अस्थिर करने की साजिश रचने का आरोप लगाया।
24 नवंबर को ढाका में एक रैली को संबोधित करते हुए मामूनुल हक ने कहा कि बांग्लादेश की अदालत शेख हसीना को दोषी ठहरा चुकी है। इसलिए उन्हें वापस लाया जाना चाहिए, ताकि वह अपने अपराधों की सजा भुगत सकें।
मामूनुल ने आरोप लगाया कि भारत में रह रहे आवामी लीग के सदस्य बांग्लादेश को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने इन लोगों पर आगजनी, हत्याओं और अन्य हिंसक घटनाओं में शामिल होने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ हर स्तर पर कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि पिछले 15 वर्षों में हुई हत्याओं के मामलों की सुनवाई पूरी होने तक किसी को भी बख्शा नहीं जाना चाहिए।
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वापसी को लेकर भी हलचल तेज हो गई है। उनके प्रवक्ता ने मंगलवार को दावा किया कि हसीना 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटेंगी। वह पिछले दो साल से अधिक समय से भारत में रह रही हैं। यह पहली बार है, जब उनकी वापसी के लिए कोई निश्चित तारीख बताई गई है।
गौरतलब है कि 16 दिसंबर को बांग्लादेश में 1971 के मुक्ति संग्राम में पाकिस्तान पर जीत की वर्षगांठ मनाई जाती है। ऐसे में शेख हसीना की संभावित वापसी को लेकर वहां राजनीतिक और कानूनी तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।









