फरीदाबाद-खराब चाऊमीन खाने के बाद होने लगी उल्टियां ,छोटे भाई की मौत ,बड़ा ICU में भर्ती
घटना 21 नवंबर की है। शुरुआती तौर पर फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने राघव के शव का पोस्टमार्टम कराया है।
फरीदाबाद (BNE) : डबुआ कॉलोनी थाना क्षेत्र की नेहरू कॉलोनी में चाऊमीन खाने के बाद दो सगे भाइयों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। दोनों को उल्टियां होने लगीं। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान आठ वर्षीय छोटे भाई राघव की मौत हो गई, जबकि 10 वर्षीय बड़ा भाई कुनाल आईसीयू में भर्ती है। उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। घटना 21 नवंबर की है। शुरुआती तौर पर फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, नेहरू कॉलोनी निवासी शमशेर सेक्टर-58 में मोटर मैकेनिक का काम करते हैं। 21 नवंबर की शाम करीब सात बजे उनका छोटा बेटा राघव ट्यूशन से घर लौटा और मां से भूख लगने की बात कही। इसी दौरान उसका बड़ा भाई कुनाल भी घर पहुंच गया। कुछ देर बाद दोनों भाई पैसे लेकर बाजार चले गए। बताया जा रहा है कि दोनों ने वहां चाऊमीन खाई थी।
घर लौटने के कुछ देर बाद राघव को चक्कर आने लगे और उल्टी जैसा महसूस हुआ। इसके बाद कुनाल की भी तबीयत बिगड़ गई और उसे उल्टियां होने लगीं। दोनों की हालत बिगड़ती देख परिजन उन्हें एनआईटी-3 स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। बाद में उन्हें दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान राघव ने दम तोड़ दिया। वहीं, कुनाल का आईसीयू में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने राघव के शव का पोस्टमार्टम कराया है। थाना प्रभारी सुमेर सिंह के अनुसार, बच्चे की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल शुरुआती तौर पर फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई जा रही है।









