नदी पूजन और भव्य आरती से आध्यात्मिक रंग में रंगा पडरौना, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
हजारों श्रद्धालुओं ने लिया हिस्सा, बनारस के कलाकार नंदन चंदन सहित क्षेत्रीय कलाकारों ने दी शानदार प्रस्तुतियां
जिलाधिकारी ने सरोवर के सुंदरीकरण और जल की स्वच्छता के लिए वाटर ट्रीटमेंट प्लांट लगाने की कार्ययोजना बनाने का दिया सुझाव
कुशीनगर।
कुशीनगर महोत्सव-2026 के तहत शुक्रवार को पडरौना नगर स्थित महंत दिग्विजय नाथ सरोवर के समीप नदी पूजन एवं भव्य आरती का आयोजन किया गया। ‘जल ही जीवन है’ की थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में आध्यात्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और जल संरक्षण का अनूठा संगम देखने को मिला। वैदिक मंत्रोच्चार और दीपों की रोशनी के बीच भव्य आरती से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी संजय चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने नदी पूजन एवं आरती में भाग लेकर जलस्रोतों के संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान जिलाधिकारी ने महंत दिग्विजय नाथ सरोवर के सुंदरीकरण के साथ जल को स्वच्छ बनाए रखने के लिए वाटर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित करने की कार्ययोजना तैयार करने का सुझाव नगर पालिका परिषद पडरौना के अध्यक्ष विनय जायसवाल को दिया। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व के जलस्रोतों का संरक्षण हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ ही आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ जल और बेहतर पर्यावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
पूर्वांचल महोत्सव समिति के अध्यक्ष विनय राय एवं नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में वाराणसी के गंगा घाट पर आरती करने वाले विद्वानों ने वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान से नदी पूजन कराया। इसके बाद भव्य आरती हुई। दीपों की जगमगाहट और मंत्रोच्चार के बीच आरती के मनोरम दृश्य ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
वहीं, चित्रगुप्त मंदिर के समीप बने मंच पर सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। इसमें बनारस के प्रसिद्ध कलाकार नंदन चंदन सहित क्षेत्रीय कलाकारों ने संगीत, लोककला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से लोगों का मन मोह लिया। कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं। पूरा परिसर उत्सव के रंग में सराबोर नजर आया।
उल्लेखनीय है कि कुशीनगर महोत्सव का आयोजन लगातार 13वें वर्ष किया जा रहा है। इसका उद्देश्य जनपद की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित कर उसे व्यापक पहचान दिलाना तथा नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध परंपराओं से जोड़ना है। इस वर्ष महोत्सव की ‘जल ही जीवन है’ थीम के माध्यम से जल संरक्षण, नदियों की स्वच्छता और पारंपरिक तालाबों के संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
इसी क्रम में जिले के विभिन्न धार्मिक एवं ऐतिहासिक जलस्रोतों पर नदी पूजन और आरती के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इससे पूर्व सेवरही के शिवघाट पर बांसी नदी, पडरौना में बुढ़िया माई मंदिर के समीप वाणी नदी तथा तमकुहीराज विधानसभा क्षेत्र के अहिरौलीदान में नारायणी नदी के तट पर भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। महोत्सव के माध्यम से धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए जनसहभागिता के जरिए जलस्रोतों को सुरक्षित रखने का संदेश दिया जा रहा है।