
कन्नौज: खेत की जुताई के दौरान निकली विशालकाय नंदी प्रतिमा, दर्शन के लिए उमड़ी भीड़
प्राचीन मंदिर होने का दावा, एएसआई से जांच की मांग
500 मीटर दूर स्थित दरगाह के पुराने विवाद की भी चर्चा
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। सदर तहसील क्षेत्र के चौरा चांदपुर गांव में शुक्रवार को खेत की जुताई के दौरान एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके में लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। आलू की फसल की तैयारी के लिए खेत में जुताई चल रही थी, तभी हल एक बड़े पत्थर में फंस गया। जब खेत में काम कर रहे मजदूरों ने पास जाकर देखा तो जमीन में विशालकाय नंदी महाराज की प्रतिमा दिखाई दी। इसके बाद देखते ही देखते यह खबर आसपास के गांवों में फैल गई और प्रतिमा के दर्शन के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी।
जानकारी के मुताबिक, गांव से करीब 500 मीटर दूर मुसर्रत उर्फ शंभू खान के खेत में आलू की गढ़ाई के लिए जुताई कराई जा रही थी। इसी दौरान हल पत्थर में फंसने पर मजदूरों ने मिट्टी हटाई तो नंदी की प्रतिमा दिखाई दी। सूचना विश्व हिंदू परिषद के संयोजक पंकज मिश्रा को दी गई। इसके बाद हाइड्रोलिक मशीन की मदद से प्रतिमा को बाहर निकाला गया और नजदीकी उच्चेश्वर महादेव मंदिर में स्थापित कर दिया गया।
मूर्ति मिलने की जानकारी पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पूजा-अर्चना शुरू कर दी। सूचना मिलने पर विश्व हिंदू परिषद के जिला संयोजक पंकज कुमार भी वहां पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की मदद से मूर्ति को खेत से निकलवाकर पास स्थित मंदिर में स्थापित कराया। इसके बाद मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया।
प्राचीन मंदिर होने का दावा, एएसआई से जांच की मांग
विश्व हिंदू परिषद की ओर से दावा किया गया कि जिस खेत से नंदी बाबा की मूर्ति मिली है, वहां पहले एक प्राचीन मंदिर हुआ करता था। संगठन ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) से खेत में पुरातात्विक जांच और व्यवस्थित खुदाई कराने की मांग की है। विहिप पदाधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान वहां से अन्य प्राचीन मूर्तियां और पुरातात्विक अवशेष भी मिल सकते हैं।
500 मीटर दूर स्थित दरगाह के पुराने विवाद की भी चर्चा
इस घटना के बाद भाजपा आईटी सेल के अध्यक्ष श्याम दुबे ने एक पुराने घटनाक्रम का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2012 से 2017 के बीच समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान बंदगीरपीर दरगाह परिसर में निर्माण कार्य के लिए खुदाई हो रही थी। उस समय वहां हिंदू देवी-देवताओं की मूर्तियां मिलने की जानकारी सामने आई थी। उनके मुताबिक, जब हिंदू समुदाय के लोग वहां पहुंचे तो कथित तौर पर मूर्तियां वहां से हटाई जा चुकी थीं।
श्याम दुबे ने दावा किया कि इस मामले को लेकर काफी विवाद हुआ था और 30 से 40 लोगों के खिलाफ मुकदमे भी दर्ज हुए थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बाद में उसी स्थान पर मजार का निर्माण कराया गया। अब दरगाह से करीब 500 मीटर की दूरी पर नंदी की प्रतिमा मिलने के बाद उन्होंने पूरे क्षेत्र की पुरातात्विक जांच कराने और वैज्ञानिक तरीके से खुदाई कराने की मांग उठाई है।
प्रशासन ने संभाली कमान, जांच के आदेश
प्रतिमा मिलने के बाद मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने मामले की जांच उपजिलाधिकारी सदर वैभव गुप्ता को सौंप दी है।
फिलहाल इस घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। क्या खेत में मिली प्रतिमा किसी प्राचीन धार्मिक स्थल का हिस्सा है? क्या आसपास की जमीन के नीचे और भी पुरातात्विक अवशेष मौजूद हैं? क्या बंदगीरपीर दरगाह से जुड़े पुराने विवाद और इस नई घटना के बीच कोई ऐतिहासिक संबंध है?
इन सवालों का जवाब अभी जांच के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल प्रतिमा की प्राचीनता, उसके इतिहास और जमीन के नीचे अन्य अवशेषों की मौजूदगी की पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए पुरातत्व विभाग से वैज्ञानिक जांच कराना जरूरी है, ताकि आस्था के साथ-साथ ऐतिहासिक तथ्यों की भी सही तस्वीर सामने आ सके।
डीएम ने पुरातत्व विभाग को सूचना भेजकर की जाँच की मांग
एक तेज़ रफ्तार घटनाक्रम मे जिलाधिकारी ने पुरातत्व विभाग के उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर मूर्ति की जांच करने और उसकी वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है ताकि जन भावनाओं के साथ साथ स्थिति भी साफ हो सके।
Post Views: 12