नई दिल्ली-SCO मीटिंग में हिस्सा लेने दिल्ली पहुंचे पाकिस्तानी मंत्री डॉ. मुसादिक मलिक
मुसादिक मलिक की भारत यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब दोनों देशों के बीच संबंध लंबे समय से तनावपूर्ण बने हुए हैं
मई 2023 के बाद पाकिस्तान के किसी संघीय मंत्री का यह पहला भारत दौरा है।
नई दिल्ली (BNE) : भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से जारी तनाव के बीच पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री डॉ. मुसादिक मलिक शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंचे। मई 2023 के बाद पाकिस्तान के किसी संघीय मंत्री का यह पहला भारत दौरा है। वह दिल्ली में 20 से 22 नवंबर तक आयोजित होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) सभ्यतागत संवाद मंच में हिस्सा लेने आए हैं। दिल्ली एयरपोर्ट पर पाकिस्तान के प्रभारी राजनयिक साद वाराइच ने उनका स्वागत किया।
मुसादिक मलिक की भारत यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब दोनों देशों के बीच संबंध लंबे समय से तनावपूर्ण बने हुए हैं। ऐसे में एससीओ के मंच पर उनकी भागीदारी को अहम कूटनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है। हालांकि, उनके दौरे का विस्तृत एजेंडा अभी सामने नहीं आया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को नई दिल्ली के पुराना किला में पहले शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) सभ्यतागत संवाद मंच का उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर वह सभा को संबोधित भी करेंगे। तीन दिवसीय इस मंच का उद्देश्य क्षेत्र की समृद्ध और एक-दूसरे से जुड़ी सभ्यतागत विरासत को प्रदर्शित करना, लोगों के बीच संपर्क मजबूत करना और सांस्कृतिक संवाद एवं सहयोग को बढ़ावा देना है।
उद्घाटन समारोह में ‘सिविलाइजेशन्स इन कन्वर्सेशन’ नाम से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें संगीत, नृत्य, दृश्यात्मक कहानी कहने की कला और कथन का समन्वय होगा। इसके अलावा भारत की पुरातात्विक, कलात्मक और साहित्यिक विरासत को प्रदर्शित करने वाली ‘अस्तित्व- द एसेंस ऑफ अवर एग्जिस्टेंस’ नामक प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी।
इस प्रदर्शनी के जरिए 1200 ईसा पूर्व से 1200 ईस्वी तक के पुरातात्विक साक्ष्यों के आधार पर दिल्ली के इतिहास की विस्तृत और अनुभवात्मक झलक प्रस्तुत की जाएगी।
इस मंच के तहत 21 और 22 नवंबर को चार विषयगत सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें विद्वान, शिक्षाविद, विषय विशेषज्ञ और सांस्कृतिक प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इन सत्रों में संगीत और प्रदर्शन कलाओं, वस्त्र परंपरा, खानपान और पारंपरिक खेलों जैसे सांस्कृतिक पहलुओं पर चर्चा होगी।










