
अलमारी : अधूरे सपनों का संग्रहालय – डॉ. प्रियंका सौरभ
हर साल दिवाली से पहले घर की सफाई का सिलसिला शुरू हो जाता था। घर के कोने-कोने से पुरानी चीजें निकाली जातीं, अनुपयोगी सामान छाँटा जाता और उन वस्तुओं को बाहर का रास्ता दिखाया जाता, जिनकी उपयोगिता अब समाप्त हो चुकी थी। प्रियंका भी इस बार पूरे उत्साह के साथ सफाई में जुटी हुई थी। रसोई से लेकर बैठक तक सब कुछ व्यवस्थित करने के बाद उसकी नजर कमरे के एक कोने में रखी बड़ी-सी अलमारी पर पड़ी। यह अलमारी किताबों से भरी हुई थी। कुछ किताबें करीने से रखी थीं तो कुछ के पन्नों पर धूल की मोटी परत जम चुकी थी। कई पुरानी पत्रिकाएँ, प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें, सामान्य ज्ञान के संकलन, पुराने प्रश्नपत्र और हाथ से तैयार किए गए नोट्स वर्षों से उसी अलमारी में जगह घेरे हुए थे।
प्रियंका ने अलमारी का दरवाजा खोला और कुछ किताबें बाहर निकालते हुए बड़बड़ाई, “पता नहीं इन किताबों को कब तक सँभालकर रखोगे? अब इनका क्या काम है? कितने साल हो गए इन्हें हाथ लगाए हुए। न तुम इन्हें पढ़ते हो और न ही किसी और के काम आती हैं। बेवजह इतनी जगह रोक रखी है। इस बार दिवाली पर अलमारी खाली कर ही दो।”
सत्यम ने उसकी बात सुनी, लेकिन कोई जवाब नहीं दिया। वह धीरे-धीरे अलमारी के पास आया। सामने रखी किताबों को देखने लगा। उसने एक पुरानी पुस्तक उठाई। उसके ऊपर धूल जमी हुई थी। उसने अपनी हथेली से धूल साफ की और किताब के पन्ने पलटने लगा। कुछ ही क्षणों में उसके चेहरे पर एक अलग-सी गंभीरता उतर आई। वह किताब पढ़ नहीं रहा था, बल्कि उसके पन्नों के बीच अपने बीते हुए दिनों को तलाश रहा था।
उस पुस्तक के पहले पन्ने पर उसका नाम लिखा था। नीचे खरीदने की तारीख भी दर्ज थी। उसे याद आया कि यह किताब उसने कितने उत्साह से खरीदी थी। उस समय उसके भीतर कुछ कर गुजरने का जुनून था। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी उसके जीवन का सबसे बड़ा उद्देश्य हुआ करती थी। सुबह जल्दी उठना, घंटों अध्ययन करना, कठिन विषयों के नोट्स बनाना, पुराने प्रश्नपत्र हल करना और परीक्षा की तारीखों का इंतजार करना उसकी दिनचर्या का हिस्सा था। किताबों के बीच उसे अपना भविष्य दिखाई देता था। हर नया विषय उसे एक नई संभावना की तरह लगता था।
उस समय उसे लगता था कि मेहनत और लगन से वह अपनी मंजिल जरूर प्राप्त कर लेगा। उसने अपने लिए कई लक्ष्य निर्धारित किए थे। कभी किसी प्रशासनिक पद पर बैठने का सपना देखा, कभी समाज में अपनी अलग पहचान बनाने की इच्छा पाली। उसे विश्वास था कि एक दिन वह अपने परिवार की अपेक्षाओं पर खरा उतरेगा और अपने सपनों को वास्तविकता में बदल देगा।
लेकिन जिंदगी हमेशा हमारी योजनाओं के अनुसार नहीं चलती। कई बार परिस्थितियाँ ऐसी करवट लेती हैं कि मनुष्य अपने लक्ष्य से अधिक जिम्मेदारियों को प्राथमिकता देने लगता है। सत्यम के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ।
समय बीतता गया। पढ़ाई के साथ नौकरी की तलाश, फिर नौकरी मिलने के बाद उसकी जिम्मेदारियाँ, परिवार की आवश्यकताएँ और जीवन की दूसरी व्यस्तताएँ बढ़ती चली गईं। धीरे-धीरे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मिलने वाला समय कम होता गया। पहले वह रोज कई घंटे पढ़ता था, फिर कुछ घंटे और अंततः कभी-कभार किताबें खोलने तक सीमित रह गया।
शुरुआत में उसने सोचा था कि नौकरी के साथ भी तैयारी जारी रखेगा। उसने कई बार समय-सारिणी बनाई। रात को देर तक पढ़ने और सुबह जल्दी उठने के संकल्प लिए। कुछ दिनों तक उत्साह बना भी रहता, लेकिन फिर कोई पारिवारिक आवश्यकता, कोई कार्यालय का काम या कोई दूसरी जिम्मेदारी उसके संकल्प को पीछे धकेल देती।
समय किसी की प्रतीक्षा नहीं करता। एक दिन उसे एहसास हुआ कि जिन परीक्षाओं की तैयारी में उसने अपने जीवन के कई वर्ष लगाए थे, उनकी निर्धारित आयु-सीमा भी अब उसके सामने एक बंद दरवाजे की तरह खड़ी थी। कुछ अवसर हाथ से निकल चुके थे और कुछ के लिए अब वह पात्र नहीं रहा था।
अब उसके पास एक अच्छी नौकरी थी। परिवार था। पत्नी थी। एक छोटा बच्चा था, जिसकी मुस्कान उसके दिनभर की थकान मिटा देती थी। घर में खुशियाँ थीं, जीवन में स्थिरता थी और जिम्मेदारियों को निभाने का संतोष भी था। बाहर से देखने पर उसका जीवन सामान्य और व्यवस्थित दिखाई देता था। लेकिन उसके भीतर कहीं एक ऐसा कोना था, जहाँ कुछ अधूरे प्रश्न आज भी जीवित थे।
वह अक्सर सोचता कि क्या जीवन केवल जिम्मेदारियाँ निभाने का नाम है? क्या मनुष्य को अपने सपनों के साथ समझौता कर लेना चाहिए? क्या परिवार के लिए जीते-जीते स्वयं के लिए जीना भूल जाना ही जीवन की सबसे बड़ी विवशता है?
इन प्रश्नों के उत्तर उसके पास नहीं थे।
प्रियंका अब भी किताबों को छाँट रही थी। उसने एक पुरानी पुस्तक उठाकर कहा, “देखो, इस पर तो कितनी धूल जम गई है। इसे खरीदे हुए भी कितने साल हो गए होंगे। अब तो इसका नया संस्करण भी आ गया होगा। पुरानी किताबें रखकर क्या फायदा?”
सत्यम ने किताब उसके हाथ से लेकर वापस अलमारी में रख दी।
“इसे रहने दो।”
“लेकिन क्यों? तुमने इसे आखिरी बार कब पढ़ा था?”
सत्यम चुप रहा।
प्रियंका ने फिर पूछा, “आखिर इन किताबों में ऐसा क्या है, जो तुम इन्हें छोड़ना ही नहीं चाहते?”
वह कुछ देर तक अलमारी को देखता रहा। फिर धीमी आवाज में बोला, “तुम्हें ये सिर्फ पुरानी किताबें दिखाई देती हैं, लेकिन मेरे लिए ये सिर्फ किताबें नहीं हैं।”
प्रियंका ने उसकी ओर देखा।
“इनमें मेरी मेहनत है। मेरी रातों की नींद है। मेरी उम्मीदें हैं। कितनी बार ऐसा हुआ कि किसी प्रश्न का उत्तर नहीं मिलता था तो पूरी रात उसी के पीछे लगा रहता था। किसी परीक्षा का परिणाम आता था तो सबसे पहले इन्हीं किताबों के बीच बैठकर अपनी गलतियाँ तलाशता था। कभी निराश होता था, कभी फिर से तैयारी शुरू करने का मन बनाता था। इन किताबों ने मेरे जीवन का एक ऐसा दौर देखा है, जिसे मैं चाहकर भी वापस नहीं पा सकता।”
प्रियंका उसकी बात सुनती रही।
सत्यम ने एक पुरानी कॉपी निकाली। उसके पन्ने पीले पड़ चुके थे। कई जगह स्याही फैल गई थी। कुछ पन्नों पर महत्वपूर्ण तथ्यों को लाल पेन से रेखांकित किया गया था। एक पन्ने के कोने पर उसने अपने हाथ से लिखा था—’एक दिन मंजिल जरूर मिलेगी।’
उस वाक्य को पढ़ते ही वह कुछ क्षणों के लिए ठहर गया।
उसे अपना वह चेहरा याद आया, जिसमें असफलता के बाद भी उम्मीद बची रहती थी। वह उम्र याद आई, जब भविष्य के लिए अनगिनत योजनाएँ थीं। जब किसी परीक्षा में असफल होने पर भी अगले प्रयास की तैयारी शुरू कर देता था। जब उसे लगता था कि अभी बहुत समय है, बहुत अवसर हैं और जीवन में बहुत कुछ हासिल करना बाकी है।
आज परिस्थितियाँ बदल चुकी थीं। अब उसके सामने सुबह कार्यालय जाने की तैयारी होती, बच्चे की आवश्यकताएँ होतीं, घर के काम होते और परिवार के लिए समय निकालने की जिम्मेदारी होती। वह अपने परिवार से प्रेम करता था। उसे अपने वर्तमान जीवन से कोई शिकायत नहीं थी। लेकिन यह भी सच था कि उसके भीतर का वह विद्यार्थी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ था, जो कभी किताबों के सहारे दुनिया बदलने का सपना देखता था।
कभी-कभी वह देर रात अलमारी खोलता। बिना किसी विशेष उद्देश्य के किताबों को देखता और कुछ पन्ने पलटने लगता। कई बार कोई पुराना प्रश्नपत्र हाथ लग जाता तो वह स्वयं से पूछता कि अगर आज भी वही परीक्षा देनी हो तो क्या वह उन प्रश्नों का उत्तर दे पाएगा? कुछ उत्तर याद रहते, कुछ भूल चुका होता। लेकिन उस प्रक्रिया में उसे एक अजीब-सा सुकून मिलता था।
वह जानता था कि अब शायद इन किताबों की जरूरत उसे पहले जैसी नहीं पड़ेगी। नौकरी और परिवार के बीच बैठकर घंटों पढ़ना संभव नहीं था। प्रतियोगी परीक्षाओं की आयु-सीमा भी निकल चुकी थी। फिर भी इन किताबों को हटाने का विचार उसे भीतर तक बेचैन कर देता था।
उसे लगता था कि अलमारी खाली करना केवल लकड़ी के एक पुराने खाने को खाली करना नहीं है। यह उसके जीवन के उस हिस्से को अपने हाथों से विदा करने जैसा है, जिसमें उसने अपने भविष्य की सबसे सुंदर कल्पनाएँ सँजोई थीं।
किताबों के बीच कुछ पुराने प्रवेश-पत्र भी रखे थे। उन पर परीक्षा केंद्रों के नाम और तारीखें दर्ज थीं। कुछ प्रवेश-पत्र देखकर उसे वे यात्राएँ याद आ गईं, जब वह परीक्षा देने के लिए सुबह-सुबह घर से निकलता था। रास्ते में मन ही मन प्रश्नों को दोहराता और परीक्षा केंद्र पहुँचने से पहले स्वयं को समझाता कि इस बार पूरी मेहनत करनी है।
कुछ पुराने परिणाम भी वहीं रखे थे। कहीं सफल होने की खुशी थी तो कहीं असफलता की चुप्पी। किसी परीक्षा में कुछ अंकों से रह जाने का दर्द था तो किसी में अपेक्षा से बेहतर प्रदर्शन करने का संतोष। वह सब कुछ आज भी उन कागजों में दर्ज था।
जीवन की विडंबना देखिए कि कभी जिन परीक्षाओं के परिणाम का इंतजार करते हुए उसकी रातें बेचैनी में गुजरती थीं, आज उन्हीं परीक्षाओं के नए परिणामों की खबर सुनकर वह कुछ देर के लिए ठहर जाता था। मोबाइल पर किसी परीक्षा का परिणाम देखने की खबर आती तो वह अनायास अलमारी की ओर देखता। कभी किसी परिचित की सफलता की खबर मिलती तो उसके चेहरे पर खुशी के साथ एक हल्की-सी उदासी भी उतर आती।
वह दूसरों की सफलता से ईर्ष्या नहीं करता था। बल्कि दिल से चाहता था कि हर मेहनती व्यक्ति को उसका मुकाम मिले। लेकिन कहीं न कहीं उसके मन में एक प्रश्न उठता—क्या वह भी कभी उस मुकाम तक पहुँच सकता था, यदि परिस्थितियाँ कुछ अलग होतीं?
फिर वह स्वयं को समझाता कि जीवन में हर किसी की अपनी यात्रा होती है। किसी को मंजिल जल्दी मिलती है, किसी को देर से और किसी की मंजिल रास्ते में ही बदल जाती है। लेकिन मन को समझाना हमेशा आसान नहीं होता।
प्रियंका यह सब समझती थी। वह जानती थी कि सत्यम के लिए यह अलमारी केवल सामान रखने की जगह नहीं है। कई बार उसने स्वयं उसे किताबों के बीच खोया हुआ देखा था। कभी वह किसी पुरानी कॉपी को पढ़ते हुए मुस्करा देता, कभी किसी प्रश्नपत्र को देखकर गंभीर हो जाता और कभी बिना कुछ बोले किताब वापस रख देता।
प्रियंका भी चाहती थी कि घर व्यवस्थित रहे। वह नहीं चाहती थी कि वर्षों पुराना अनुपयोगी सामान यूँ ही जगह घेरता रहे। उसकी अपनी व्यावहारिक परेशानियाँ थीं। बच्चे के बड़े होने के साथ घर में सामान बढ़ रहा था। नई किताबें, खिलौने और जरूरत की दूसरी वस्तुओं के लिए जगह चाहिए थी। वह जानती थी कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए कई बार पुरानी चीजों को छोड़ना पड़ता है।
लेकिन वह यह भी जानती थी कि हर पुरानी चीज बेकार नहीं होती। कुछ वस्तुओं का मूल्य उनकी उपयोगिता से नहीं, बल्कि उनसे जुड़ी भावनाओं से निर्धारित होता है।
एक दिन उसने सत्यम से कहा, “मैं यह नहीं कहती कि तुम्हारे सपने गलत थे या तुम्हारी मेहनत व्यर्थ चली गई। लेकिन अब जिंदगी आगे बढ़ चुकी है। तुम्हारे पास नौकरी है, परिवार है, बच्चा है। तुम्हें अपने वर्तमान को भी उतना ही महत्व देना चाहिए। हर समय बीते हुए दिनों में रहना ठीक नहीं।”
सत्यम ने उसकी बात ध्यान से सुनी।
“मैं भी तो यही चाहता हूँ कि आगे बढ़ूँ। लेकिन क्या आगे बढ़ने के लिए पीछे छूटे हर निशान को मिटाना जरूरी है? क्या हम अपनी पुरानी यादों को सँभालकर नहीं रख सकते?”
प्रियंका के पास इसका कोई सीधा उत्तर नहीं था।
उस दिन उसने अलमारी खाली करवाने की जिद नहीं की।
दिवाली नजदीक आ रही थी। घर की सफाई लगभग पूरी हो चुकी थी। अलमारी के सामने कुछ किताबें अब भी रखी थीं। सत्यम ने उन्हें एक-एक करके उठाया और व्यवस्थित ढंग से वापस रखने लगा। उसने अनुपयोगी कागज अलग किए, पुराने अखबार हटा दिए और कुछ ऐसी पुस्तकें निकालकर रखीं, जिन्हें अब किसी दूसरे विद्यार्थी के काम में लिया जा सकता था।
प्रियंका ने पूछा, “अब इन्हें भी नहीं हटाओगे?”
सत्यम ने मुस्कराते हुए कहा, “कुछ किताबें दे देंगे किसी जरूरतमंद विद्यार्थी को। शायद उनके किसी सपने को पूरा करने में मदद कर जाएँ। लेकिन कुछ किताबें यहीं रहेंगी।”
प्रियंका ने अलमारी के भीतर झाँका। एक कोने में वही पुरानी कॉपी रखी थी, जिसके पन्ने पर लिखा था—’एक दिन मंजिल जरूर मिलेगी।’
उसने कॉपी उठाई और कुछ क्षण तक उस वाक्य को पढ़ती रही। फिर उसे वापस उसी जगह रख दिया।
वह समझ चुकी थी कि सत्यम उन किताबों को इसलिए नहीं सँभाल रहा कि उसे दोबारा प्रतियोगी परीक्षाएँ देनी हैं। वह उन्हें इसलिए बचाए रखना चाहता है क्योंकि उन किताबों में उसका एक पुराना स्वरूप जीवित है। वह स्वरूप, जो कभी बड़े सपने देखता था, असफलताओं से लड़ता था और हर सुबह एक नई उम्मीद के साथ उठता था।
शायद मनुष्य अपने जीवन में सब कुछ प्राप्त नहीं कर पाता। कुछ सपने परिस्थितियों के कारण छूट जाते हैं, कुछ समय के साथ अपना अर्थ खो देते हैं और कुछ ऐसे होते हैं, जिन्हें पूरा करने की उम्र भले निकल जाए, लेकिन उनके प्रति लगाव कभी समाप्त नहीं होता।
सत्यम ने अलमारी का दरवाजा बंद किया। इस बार उसके चेहरे पर पहले जैसी बेचैनी नहीं थी। उसे लगा कि उसने अपने अतीत को पूरी तरह छोड़ने के बजाय उसे एक सम्मानजनक जगह दे दी है।
प्रियंका ने भी उस दिन कोई सवाल नहीं किया।
समय के साथ घर की सफाई पूरी हो गई। दीपावली के दीपक जल उठे। घर रोशनी से भर गया। बच्चा नए कपड़ों में इधर-उधर दौड़ रहा था। परिवार के बीच हँसी-खुशी का माहौल था।
रात को सभी के सो जाने के बाद सत्यम एक बार फिर अलमारी के पास गया। उसने धीरे से दरवाजा खोला। कुछ देर किताबों को देखता रहा। फिर उस पुरानी कॉपी को बाहर निकाला और उसके पन्ने पलटने लगा।
उसे महसूस हुआ कि सपने कभी पूरी तरह मरते नहीं। वे जीवन के किसी कोने में चुपचाप पड़े रहते हैं। कभी किसी किताब के पन्ने में, कभी किसी पुराने प्रवेश-पत्र में, कभी किसी अधूरी कॉपी में और कभी किसी ऐसी अलमारी में, जिसे घर के दूसरे लोग केवल अनुपयोगी सामान का संग्रह समझते हैं।
उसने कॉपी बंद की और वापस रख दी।
अब वह जानता था कि उसका जीवन केवल उन परीक्षाओं के परिणामों से निर्धारित नहीं होता, जिन्हें वह कभी पास नहीं कर पाया। उसने अपने जीवन में दूसरी जिम्मेदारियाँ निभाई थीं, दूसरे रास्तों पर आगे बढ़ा था और अपनी पहचान के दूसरे आयाम भी विकसित किए थे। फिर भी उस अलमारी में रखी किताबें उसके जीवन की यात्रा का एक अनमोल हिस्सा थीं।
उसे यह भी मालूम था कि जब कभी किसी प्रतियोगी परीक्षा का परिणाम आएगा, जब किसी पुराने सहपाठी की सफलता की खबर मिलेगी या जब कोई नया विद्यार्थी अपनी तैयारी की बात करेगा, तब यह अलमारी फिर उसके मन में कई पुराने पन्ने खोल देगी।
क्योंकि कुछ सपनों का पूरा न होना उन्हें महत्वहीन नहीं बना देता। वे हमें बताते हैं कि हमने कभी कुछ बड़ा चाहा था, उसके लिए मेहनत की थी और अपने भीतर एक बेहतर भविष्य की कल्पना सँजोई थी।
अगली सुबह प्रियंका ने अलमारी के पास रखी धूल साफ की। उसने किताबों को करीने से लगाया और दरवाजा बंद कर दिया। इस बार उसने सत्यम से अलमारी खाली करने को नहीं कहा।
सत्यम ने उसकी ओर देखा। दोनों की आँखों में एक-दूसरे के प्रति समझ और अपनापन था।
घर में दीपावली के दीपक अब भी जगमगा रहे थे। लेकिन सत्यम के भीतर एक और दीप जल रहा था—अपने बीते हुए दिनों को स्वीकार करने और वर्तमान को पूरे मन से जीने का दीप।
उस दिन अलमारी में किताबें ही नहीं बची थीं, सत्यम के जीवन का एक हिस्सा भी बच गया था। कुछ सपने पूरे नहीं होते, फिर भी उन्हें दिल से निकालना आसान नहीं होता।
— डॉ. प्रियंका सौरभ
(डॉ. प्रियंका सौरभ, पीएचडी (राजनीति विज्ञान), कवयित्री एवं सामाजिक चिंतक हैं।)
Post Views: 8