27 साल बाद सामने आया जमीन के कथित फर्जी बैनामे का मामला, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
अरविन्द कुमार गुप्ता
कुशीनगर। रामकोला नगर पंचायत के वार्ड नंबर छह में जमीन के कथित फर्जी बैनामे का मामला करीब 27 साल बाद उजागर हुआ है। इस मामले में पीड़िता संध्या शुक्ला की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश के बाद रामकोला पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, संध्या शुक्ला के पति राजेश कुमार शुक्ला का निधन 25 जुलाई 1999 को हो गया था। पति की मृत्यु के बाद संबंधित जमीन और मकान संध्या शुक्ला के नाम दर्ज हो गए थे। आरोप है कि इससे पहले 12 मई 1995 को उनके पति के नाम से जमीन का कथित फर्जी बैनामा तैयार कराया गया था। पीड़िता के मुताबिक, वर्ष 2022 में पुराने मकान की मरम्मत के दौरान उन्हें जानकारी हुई कि अवध बिहारी तुलस्यान ने उक्त बैनामे के आधार पर जमीन अपने नाम दाखिल-खारिज करा ली है। इसके बाद उन्होंने संबंधित अभिलेखों की जांच कराई और मामले में न्याय की गुहार लगाई। बताया जाता है कि पीड़िता ने 7 अगस्त 2026 को रामकोला थाने में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी। आरोप है कि स्थानीय स्तर पर कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। एसपी के निर्देश पर रामकोला पुलिस ने अब प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस की जांच के बाद ही कथित फर्जी बैनामे से जुड़े तथ्यों और आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।









