छठ पूजा की तैयारियों का डीएम और एसपी ने लिया जायजा, शिवा घाट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश
40 से 50 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना, गोताखोरों की तैनाती और बैरिकेडिंग कराने का आदेश
कुशीनगर।
आगामी छठ पूजा पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने नगर पंचायत सेवरही स्थित बांसी नदी के तट पर ऐतिहासिक शिवा घाट का संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और आवागमन की तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी, नगर पंचायत अध्यक्ष और छठ पूजा कमेटी के पदाधिकारियों से बातचीत कर तैयारियों की जानकारी ली। कमेटी के सदस्यों ने अधिकारियों को घाट के पौराणिक महत्व से अवगत कराते हुए बताया कि छठ पूजा के मुख्य दिन यहां करीब 40 से 50 हजार श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है। श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने घाट के किनारे गहरे पानी वाले स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग कराने तथा पर्याप्त संख्या में नाव और प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही पूरे घाट का समतलीकरण कराने, साफ-सफाई और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को अतिरिक्त मैनपावर लगाकर घाट तक पहुंचने वाले संपर्क मार्ग की मरम्मत एवं निर्माण कार्य तत्काल पूरा कराने का आदेश दिया। वहीं पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय पुलिस अधिकारियों को भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें। निरीक्षण के दौरान प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी, नगर पंचायत कर्मचारी और छठ पूजा कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।










