टेकुआटार चौराहे के आसपास खेतों में अवैध मिट्टी खनन का आरोप, प्रशासन की चुप्पी पर उठ रहे सवाल
कुशीनगर(अरविंद कुमार)
कसया तहसील क्षेत्र के चौराहा टेकुआटार के आसपास स्थित खाली खेतों में इन दिनों कथित रूप से अवैध मिट्टी खनन का कार्य तेजी से चल रहा है। आरोप है कि खेतों में जे सी बी मशीन लगाकर बड़े पैमाने पर मिट्टी की खुदाई कराई जा रही है। इसके बाद निकाली गई मिट्टी को ट्रैक्टर-ट्रालियों के माध्यम से विभिन्न स्थानों पर बेचकर कारोबार किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में जेसीबी मशीनों से लगातार मिट्टी की खुदाई किए जाने से आसपास के खेतों की स्थिति भी प्रभावित हो रही है। बिना अनुमति इस तरह मिट्टी का खनन किए जाने की चर्चा क्षेत्र में जोर पकड़ रही है। लोगों का कहना है कि यदि यह खनन बिना प्रशासनिक अनुमति के किया जा रहा है तो यह राजस्व नियमों की अनदेखी का मामला है
स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में जेसीबी मशीनों से लगातार मिट्टी की खुदाई किए जाने से आसपास के खेतों की स्थिति भी प्रभावित हो रही है। बिना अनुमति इस तरह मिट्टी का खनन किए जाने की चर्चा क्षेत्र में जोर पकड़ रही है। लोगों का कहना है कि यदि यह खनन बिना प्रशासनिक अनुमति के किया जा रहा है तो यह राजस्व नियमों की अनदेखी का मामला है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि खुलेआम जेसीबी मशीन लगाकर मिट्टी की खुदाई और बिक्री का कार्य होने के बावजूद संबंधित विभाग के अधिकारियों की नजर इस ओर क्यों नहीं पड़ रही है? क्या जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं है या फिर जानकारी होने के बाद भी कार्रवाई नहीं की जा रही है? इस मामले को लेकर क्षेत्र के लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो मिट्टी खनन का यह कारोबार और बढ़ सकता है। अब देखना यह है कि संबंधित राजस्व विभाग और जिला प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और अवैध खनन की जांच कराकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कब तक कार्रवाई करते हैं। या फिर प्रशासन की कुंभकर्णी नींद इसी तरह बनी रहेगी।









