प्रभास की फिल्म ‘फौजी’ की एक्ट्रेस इमानवी पर लगे पाकिस्तानी लिंक के आरोप, एक्ट्रेस ने दी करारा जवाब
पहलगाम हमले के बाद ट्रोल्स के निशाने पर आईं इमानवी, लंबा पोस्ट शेयर कर बताया- “मैं भारतीय अमेरिकी हूं, न कि किसी पाकिस्तानी आर्मी अफसर की बेटी”
साउथ सुपरस्टार प्रभास की अपकमिंग फिल्म ‘फौजी’ इन दिनों सुर्खियों में है, लेकिन इस बार वजह फिल्म की कहानी या शूटिंग नहीं बल्कि फिल्म की डेब्यू एक्ट्रेस इमानवी हैं। हाल ही में कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले के बाद सोशल मीडिया पर अफवाहें उड़ने लगीं कि इमानवी पाकिस्तान की मिलिट्री अफसर की बेटी हैं।
इन झूठी खबरों के बाद ट्रोल्स ने फिल्म ‘फौजी’ का बहिष्कार करने की भी मांग शुरू कर दी। इस पर अब खुद इमानवी ने चुप्पी तोड़ी है और इंस्टाग्राम पर एक लंबा पोस्ट शेयर करते हुए अपनी पहचान और सच्चाई को सामने रखा है।
इमानवी ने लिखा, “मैं एक गौरवशाली भारतीय अमेरिकी हूं। मेरा जन्म लॉस एंजेल्स, कैलिफोर्निया में हुआ था। मेरे माता-पिता युवावस्था में अमेरिका आए थे और बाद में नागरिक बन गए। मेरी शिक्षा अमेरिका में हुई और मैं एक डांसर, कोरियोग्राफर और अब एक एक्टर के रूप में काम कर रही हूं।”
पहलगाम हमले की कड़ी निंदा करते हुए इमानवी ने कहा, “मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपनों को खोया। मैं हिंसा के हर रूप का विरोध करती हूं।”
इमानवी ने उन अफवाहों पर भी नाराज़गी जताई जिसमें उन्हें पाकिस्तानी आर्मी से जोड़ा गया। उन्होंने साफ कहा, “मेरे परिवार का कभी भी पाकिस्तानी सेना से कोई संबंध नहीं रहा है। यह सब झूठ सिर्फ नफरत फैलाने के लिए फैलाए गए हैं। दुख की बात है कि कई लोग बिना जांचे इन झूठों को आगे बढ़ा रहे हैं।”
उन्होंने अपने पोस्ट के अंत में लिखा, “मैं कला के माध्यम से प्रेम, एकता और भारतीय संस्कृति की विरासत को आगे बढ़ाना चाहती हूं।”
इमानवी का यह जवाब न सिर्फ ट्रोल्स को करारा जवाब है, बल्कि यह भी साबित करता है कि अफवाहों की बुनियाद पर किसी की मेहनत और पहचान को निशाना बनाना कितना गलत है।










