



सऊदी से बड़ी राहत: 10,000 और भारतीयों को मिला हज वीजा, कोटा बढ़कर 1.75 लाख
सरकारी हस्तक्षेप के बाद सऊदी अरब ने भारत का हज कोटा 10,000 बढ़ाया, नुसुक पोर्टल पुनः खोला गया; रद्द हुए निजी स्लॉट्स के बाद तीर्थयात्रियों को मिली नई उम्मीद।
हज यात्रा को लेकर भारत के मुसलमानों के लिए सऊदी अरब से बड़ी खुशखबरी सामने आई है। अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि इस वर्ष भारत के 10,000 और तीर्थयात्री हज कर सकेंगे, जिससे कुल कोटा 1,75,025 तक पहुंच गया है। यह निर्णय भारत सरकार के विशेष आग्रह और हस्तक्षेप के बाद लिया गया।
दरअसल, कई निजी टूर ऑपरेटर सऊदी अरब द्वारा तय समय-सीमा तक आवश्यक औपचारिकताएं पूरी नहीं कर सके, जिसके चलते लगभग 52,000 स्लॉट्स रद्द कर दिए गए थे। इससे हजारों तीर्थयात्रियों के लिए आवास और यात्रा की व्यवस्था पर संकट खड़ा हो गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारत सरकार ने सऊदी अधिकारियों से कई दौर की चर्चाएं कीं, जिनमें मंत्रिस्तरीय स्तर की बातचीत भी शामिल रही। इन प्रयासों के बाद सऊदी हज मंत्रालय ने ‘नुसुक पोर्टल’ को पुनः खोलने पर सहमति दी, जिससे 10,000 नए तीर्थयात्रियों को पंजीकरण की अनुमति मिल गई।
मंत्रालय के अनुसार, 2014 में भारत का हज कोटा 1,36,020 था, जो अब बढ़कर 1,75,025 हो गया है। इनमें से 1,22,518 यात्रियों की व्यवस्थाएं भारतीय हज समिति द्वारा की जा रही हैं। सरकार ने इसे भारतीय मुसलमानों के लिए उच्च प्राथमिकता वाला विषय बताया है।