बीजिंग-चीन में पालतू जानवरों के प्रति लोगों का लगाव अब एक नया . कारोबार के रूप में ले रहा है
दिवंगत कुत्तों और बिल्लियों की यादों को हमेशा संजोकर रखने के लिए उनके बालों और अस्थियों से लैब में हीरे बनवा रहे हैं।
कुत्ते के बालों से बनवाई 1.25 लाख की अंगूठी,इस तरह तैयार किए जाते हैं मेमोरियल डायमंड
बीजिंग(agency )- चीन में पालतू जानवरों के प्रति लोगों का लगाव अब एक नए कारोबार का रूप ले रहा है। यहां लोग अपने दिवंगत कुत्तों और बिल्लियों की यादों को हमेशा संजोकर रखने के लिए उनके बालों और अस्थियों से लैब में हीरे बनवा रहे हैं। इन खास हीरों को ‘मेमोरियल डायमंड’ कहा जाता है। इसके लिए ग्राहक लाखों रुपये तक खर्च कर रहे हैं। हालांकि, इस तेजी से बढ़ते कारोबार को लेकर ज्वेलरी विशेषज्ञों ने सवाल उठाए हैं और ग्राहकों को संभावित धोखाधड़ी से सावधान रहने की सलाह दी है।
भावनाओं का फायदा उठाने का आरोप
ज्वेलरी विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल ऐसी कोई प्रमाणित जांच तकनीक उपलब्ध नहीं है, जिससे यह साबित किया जा सके कि तैयार हीरे में मौजूद कार्बन वास्तव में किसी खास पालतू जानवर के बालों या अस्थियों से ही निकाला गया है। ऐसे में आशंका है कि कुछ कंपनियां सामान्य लैब-ग्रोन हीरे को पालतू जानवर की निशानी बताकर ऊंची कीमत पर बेच सकती हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक, कंपनियों की ओर से दिखाई जाने वाली निर्माण प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी संपादित या पहले से तैयार की जा सकती है। इस कारोबार के लिए स्पष्ट सरकारी मानक नहीं होने से ग्राहकों के पास धोखाधड़ी की स्थिति में शिकायत साबित करने के सीमित विकल्प हैं।
कुत्ते के बालों से बनवाई 1.25 लाख की अंगूठी
इस कारोबार की चर्चा उस समय तेज हुई, जब चीन के जिलिन प्रांत की चेन जिंग की कहानी सामने आई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, चेन ने वर्ष 2020 में अपने पालतू टॉय पूडल बाओबाओ के बालों से हीरे की अंगूठी बनवाने के लिए करीब 1.25 लाख रुपये खर्च किए थे। फरवरी 2021 में उन्हें 18 कैरेट सोने की अंगूठी में जड़ा आधा कैरेट का हीरा मिला। अप्रैल 2021 में बाओबाओ की मौत के बाद से चेन इस अंगूठी को अपने पास उसकी याद के रूप में रखती हैं और नियमित रूप से पहनती हैं।
इस तरह तैयार किए जाते हैं मेमोरियल डायमंड
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक मेमोरियल डायमंड बनाने के लिए सामान्य तौर पर कम से कम तीन ग्राम बालों की जरूरत होती है। सबसे पहले बालों या अस्थियों को साफ करके सुखाया जाता है। इसके बाद उन्हें पीसकर कार्बन निकाला जाता है। इस कार्बन को अन्य आवश्यक सामग्रियों के साथ मिलाकर अत्यधिक दबाव और तापमान वाली प्रक्रिया से गुजारा जाता है। इस तकनीक के जरिए प्रयोगशाला में हीरा तैयार किया जाता है। कुछ कंपनियां दावा करती हैं कि उनके बनाए हीरे में 100 प्रतिशत कार्बन संबंधित पालतू जानवर से ही प्राप्त होता है।
25 से 35 साल की महिलाएं प्रमुख ग्राहक
चीन में इस कारोबार का दायरा लगातार बढ़ रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, देश में कम से कम 20 ब्रांड इस क्षेत्र में सक्रिय हैं। घरेलू कंपनियां एक कैरेट हीरे के लिए करीब 1.39 लाख से 4.17 लाख रुपये तक कीमत वसूल रही हैं। वहीं, स्विट्जरलैंड की लग्जरी कंपनी अल्गोर्डांजा 11 ग्राम बाल या 250 ग्राम अस्थियों से एक कैरेट का हीरा तैयार करने के लिए करीब 12 लाख रुपये से अधिक शुल्क लेती है।
इस क्षेत्र में काम कर रही कंपनियां ग्राहकों का भरोसा जीतने के लिए अलग-अलग तरीके अपना रही हैं। याशेंग जैसे ब्रांड अपनी फैक्ट्री की लाइव स्ट्रीमिंग भी करते हैं। वहीं, ICEWALD के सह-संस्थापक ये मैन के अनुसार, उनके करीब 80 प्रतिशत ग्राहक 25 से 35 वर्ष की शहरी महिलाएं हैं। ये महिलाएं अपने पालतू जानवरों को परिवार का हिस्सा मानती हैं और उनकी मृत्यु के बाद भी उनकी यादों को सहेजकर रखना चाहती हैं।
सोशल मीडिया पर ट्रेंड को लेकर बहस
इस कारोबार को लेकर इंटरनेट पर लोगों की राय बंटी हुई है। कुछ यूजर्स इसे लोगों की भावनाओं का फायदा उठाने वाला कारोबार बता रहे हैं और ‘आईक्यू टैक्स’ तक कह रहे हैं। वहीं, कुछ लोगों का मानना है कि पालतू जानवरों से जुड़ी यादों को सुरक्षित रखने का यह व्यक्तिगत तरीका है और हर व्यक्ति को अपनी पसंद के अनुसार फैसला लेने का अधिकार है। कई लोग इसके बजाय अपने पालतू जानवरों के बालों को सुरक्षित रखने या अन्य यादगार वस्तुएं बनाने को प्राथमिकता दे रहे हैं।
गौरतलब है कि चीन में पालतू जानवरों से जुड़ा बाजार तेजी से विस्तार कर रहा है। उपलब्ध रिपोर्ट्स के अनुसार, देश की पेट इकोनॉमी का आकार करीब 4.35 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। इसमें लगभग 12.6 करोड़ कुत्ते और बिल्लियां शामिल हैं।










