गाजियाबाद में बिना लाइसेंस चल रही मिठाई फैक्ट्री पर छापा, ढाई क्विंटल रसगुल्ले नष्ट
गंदगी के बीच हो रहा था निर्माण, रसगुल्लों में मिले कीड़े; ब्लीचिंग एजेंट के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा केमिकल भी बरामद
गाजियाबाद, 27 अगस्त। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने 26 अगस्त की रात विजयनगर क्षेत्र के सुदामापुरी में बिना लाइसेंस संचालित एक मिठाई निर्माण इकाई पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान करीब ढाई क्विंटल रंगीन और सफेद रसगुल्ले नष्ट कराए गए और इकाई को बंद करा दिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, छापेमारी के दौरान मौके पर बेहद गंदी और अस्वच्छ परिस्थितियों में रसगुल्लों का निर्माण होता मिला। पहले से तैयार और भंडारित रसगुल्लों में कीड़े और गंदगी भी पाई गई। इसके अलावा दूध को गंदे ड्रम में रखा गया था।
जांच के दौरान टीम को मौके से सेफोलाइट केमिकल भी मिला। विभाग के मुताबिक इसका इस्तेमाल ब्लीचिंग एजेंट के रूप में किया जा रहा था। खाद्य सुरक्षा टीम ने रंगीन रसगुल्ला, सफेद रसगुल्ला, दूध और सेफोलाइट के कुल चार नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं।
इकाई संचालक ने अपना नाम कमल किशोर पुत्र तेज सिंह, निवासी मकान संख्या 30, सुदामापुरी, विजयनगर बताया। जांच में मिठाई निर्माण इकाई का संचालन बिना आवश्यक लाइसेंस के होता पाया गया। इस पर विभाग ने संचालक का चालान करते हुए इकाई को बंद करा दिया।
कार्रवाई में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशुतोष राय के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अवधेश पाराशर, देवांश चतुर्वेदी और नरेंद्र कुमार शामिल रहे। खाद्य सुरक्षा विभाग ने त्योहार के मद्देनजर मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।









