मुंबई :रोहित शर्मा ने शुभमन गिल की शादी का कर दिया ऐलान
कप्तानों की शादी और वर्ल्ड कप जीत का अनोखा कनेक्शन, आकाश गुप्ता ने छेड़ा किस्सा
अनुपम मित्तल बोले- गिल ने कर दिया था मना, रोहित बोले- ट्रॉफी के लिए शादी भी करा दूंगा
मुंबई : भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा इन दिनों क्रिकेट मैदान के साथ-साथ मनोरंजन की दुनिया में भी खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं। उनके नए टॉक शो ‘फैमिली फुल हाउस विद रोहित’ को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। शो के ताजा एपिसोड में स्टैंडअप कॉमेडियन्स और लोकप्रिय बिजनेस रियलिटी शो ‘शार्क टैंक इंडिया’ के जजों की महफिल जमी, जहां हंसी-मजाक के दौरान युवा बल्लेबाज शुभमन गिल की शादी को लेकर ऐसा किस्सा छिड़ा कि खुद रोहित शर्मा ने 2027 का वनडे वर्ल्ड कप जीतने के लिए गिल की शादी कराने तक का मजेदार एलान कर दिया। रोहित की इस हाजिरजवाबी और मस्ती भरे अंदाज का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कप्तानों की शादी और वर्ल्ड कप जीत का अनोखा कनेक्शन, आकाश गुप्ता ने छेड़ा किस्सा
शो के दौरान स्टैंडअप कॉमेडियन आकाश गुप्ता ने ‘शादी डॉट कॉम’ के संस्थापक और शार्क टैंक जज अनुपम मित्तल से एक दिलचस्प और मजाकिया थ्योरी साझा की। आकाश ने कहा कि क्रिकेट इतिहास का एक अनोखा ट्रेंड रहा है कि जब-जब किसी कप्तान या टीम के अहम खिलाड़ी की शादी हुई, उसी के आसपास वर्ल्ड कप ट्रॉफी घर आई। उन्होंने तर्क देते हुए याद दिलाया कि 2002 में पूर्व ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज रिकी पोंटिंग की शादी हुई और 2003 में ऑस्ट्रेलिया ने विश्व कप अपने नाम किया; ठीक इसी तरह 2010 में महेंद्र सिंह धोनी परिणय सूत्र में बंधे और 2011 में भारत ने ऐतिहासिक वर्ल्ड कप जीता। इस पर अनुपम मित्तल ने चुटकी लेते हुए पूछा कि आखिर इसका मौजूदा परिदृश्य से क्या लेना-देना है।
अनुपम मित्तल बोले- गिल ने कर दिया था मना, रोहित बोले- ट्रॉफी के लिए शादी भी करा दूंगा
आकाश गुप्ता ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए अनुपम मित्तल से कहा कि चूंकि अगला वनडे वर्ल्ड कप नजदीक है, इसलिए वह चाहते हैं कि मैट्रिमोनियल प्लेटफॉर्म के जरिए शुभमन गिल के लिए रिश्ता ढूंढा जाए और उनकी शादी कराई जाए। इस पर अनुपम मित्तल ने खुलासा करते हुए हंसते हुए कहा कि सच कहें तो उन्होंने इस सिलसिले में गिल से संपर्क भी किया था, लेकिन युवा बल्लेबाज ने यह कहकर साफ मना कर दिया कि उन्हें फिलहाल शादी नहीं करनी है। अनुपम की इस बात पर बीच में कूदते हुए होस्ट रोहित शर्मा ने ठहाका लगाते हुए कहा कि अरे नहीं यार, टीम इंडिया को वर्ल्ड कप जिताने के लिए अगर उन्हें कुछ भी करना पड़े, तो वह करेंगे—चाहे इसके लिए शुभमन गिल की शादी ही क्यों न करानी पड़े। रोहित के इस अप्रत्याशित और चुटीले जवाब से पूरा स्टूडियो हंसी के ठहाकों से गूंज उठा।
सोशल मीडिया पर फैंस ने लिए मजे, रोहित के कॉमिक टाइमिंग की जमकर तारीफ
शो का यह प्रोमो सामने आते ही इंटरनेट पर क्रिकेट फैंस ने भी जमकर चुटकी लेनी शुरू कर दी। सोशल मीडिया यूजर्स ने कमेंट सेक्शन में मजेदार प्रतिक्रियाएं देते हुए लिखा कि वर्ल्ड कप की खातिर रोहित भाई कुछ भी करवा सकते हैं। कई यूजर्स ने मजाकिया लहजे में लिखा कि रोहित जी, शादी आपको नहीं बल्कि शुभमन को करनी है, उनकी मर्जी भी पूछ लीजिए। हालांकि, यह पूरा वाकया शो के दौरान महज एक हल्की-फुल्की और मनोरंजक बातचीत का हिस्सा था, जिसे दर्शकों द्वारा काफी पसंद किया जा रहा है।










