नई दिल्ली-साल के अंतिम महीने दिसंबर में होने वाले हैं ये अहम् बदलाव
1 दिसंबर से बदल जाएंगे ये 6 बड़े नियम, क्रेडिट कार्ड से लेकर लोन की EMI तक सीधा असर
किसी भी तरह की असुविधा या अतिरिक्त वित्तीय बोझ से बचने के लिए इन छह बड़े बदलावों को समय रहते जान लेना बेहद जरूरी है।
नई दिल्ली (BNE) साल 2026 का आखिरी महीना यानी दिसंबर अपने साथ कई महत्वपूर्ण वित्तीय और नियामकीय बदलाव लेकर आ रहा है, जिनका सीधा असर आम आदमी के मासिक बजट, बैंकिंग लेनदेन, पेंशन और निवेश की योजनाओं पर पड़ने वाला है। भारतीय रिजर्व बैंक, भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड, भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण और एसबीआई कार्ड से जुड़े छह प्रमुख नियम और समय-सीमाएं अगले कुछ दिनों में प्रभावी होने जा रही हैं। किसी भी तरह की असुविधा या अतिरिक्त वित्तीय बोझ से बचने के लिए इन छह बड़े बदलावों को समय रहते जान लेना बेहद जरूरी है।
1. SBI क्रेडिट कार्ड धारकों को फ्यूल और ट्रांसपोर्टेशन खर्च पर देना होगा ज्यादा चार्ज
एसबीआई कार्ड ने 27 अक्टूबर को जारी नोटिस के तहत चुनिंदा लेनदेन पर शुल्क में बदलाव किया है, जो 1 दिसंबर से प्रभावी होंगे। नए नियमों के तहत 30 हजार रुपये से अधिक के एकल ट्रांसपोर्टेशन ट्रांजैक्शन पर एक प्रतिशत का अतिरिक्त शुल्क लगेगा। इसके अलावा, यदि एक बिलिंग साइकिल में योग्य फ्यूल खर्च 50 हजार रुपये से अधिक हो जाता है, तो पूरे फ्यूल खर्च पर एक प्रतिशत शुल्क और लागू टैक्स वसूला जाएगा। उदाहरण के लिए, यदि कोई कार्डधारक एक बिलिंग साइकिल में फ्यूल पर 60 हजार रुपये खर्च करता है, तो उसे टैक्स से पहले 600 रुपये का अतिरिक्त शुल्क देना होगा।
2. कमोडिटी ट्रेडिंग मार्जिन नियमों में SEBI का बड़ा बदलाव
भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड यानी सेबी 1 दिसंबर से कमोडिटी डेरिवेटिव्स के लिए संशोधित न्यूनतम इनिशियल मार्जिन नियम लागू करेगा। नए नियमों के तहत कम उतार-चढ़ाव वाली कमोडिटीज के लिए न्यूनतम मार्जिन 6 प्रतिशत, मध्यम उतार-चढ़ाव के लिए 8 प्रतिशत और उच्च उतार-चढ़ाव वाली कमोडिटीज के लिए 10 प्रतिशत निर्धारित किया गया है। वहीं, कम और मध्यम वोलैटिलिटी वाली कमोडिटीज के लिए न्यूनतम मार्जिन पीरियड ऑफ रिस्क दो दिन और हाई-वोलैटिलिटी के लिए तीन दिन रहेगा, जिससे ट्रेडर्स को अपने ब्रोकर के पास रखी जाने वाली मार्जिन राशि में बदलाव देखने को मिल सकता है।
3. विदेशी निवेशकों (NRI/OCI) के लिए आसान होगी डिजिटल KYC प्रक्रिया
पात्र अनिवासी भारतीय यानी एनआरआई, ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया यानी ओसीआई और फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स के मानकों का पालन करने वाले देशों में रहने वाले विदेशी नागरिक 3 दिसंबर से सेबी-पंजीकृत इंटरमीडियरीज के साथ रिमोटली अपनी केवाईसी औपचारिकताएं पूरी कर सकेंगे। 14 अगस्त को सेबी द्वारा घोषित इस राहत का मुख्य उद्देश्य भारतीय प्रतिभूति बाजारों तक पहुंच को आसान बनाना है, जिसके बाद पात्र निवेशकों को फिजिकल वेरिफिकेशन के लिए भारत यात्रा करने की आवश्यकता नहीं रहेगी।
4. Aadhaar में ईमेल अपडेट कराने के लिए 31 दिसंबर तक कोई फीस नहीं
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण ने अपने आधिकारिक आधार मोबाइल ऐप के माध्यम से ईमेल एड्रेस अपडेट करने पर लगने वाले 75 रुपये के शुल्क को 31 दिसंबर 2026 तक माफ कर दिया है। 1 जुलाई से शुरू हुई यह छह महीने की विशेष छूट केवल ईमेल एड्रेस अपडेट करने के लिए ही उपलब्ध है और अन्य किसी भी आधार अपडेट सेवाओं पर यह शुल्क माफी लागू नहीं होगी।
5. पेंशनर्स के लिए 30 नवंबर तक लाइफ सर्टिफिकेट जमा करना अनिवार्य
केंद्र सरकार के पेंशनभोगियों को अपनी मासिक पेंशन में किसी भी तरह की देरी या रुकावट से बचने के लिए 30 नवंबर तक वार्षिक जीवन प्रमाण पत्र जमा करना अनिवार्य है। यह प्रमाण पत्र डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट सुविधा या अन्य अधिकृत माध्यमों से आसानी से जमा किया जा सकता है, इसलिए जिन पेंशनर्स ने अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उन्हें निर्धारित डेडलाइन समाप्त होने से पहले इसे अवश्य निपटा लेना चाहिए।
6. RBI MPC की दिसंबर बैठक तय करेगी लोन EMI की दिशा
भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति की महत्वपूर्ण बैठक 2 से 4 दिसंबर के बीच आयोजित होने जा रही है। इस बैठक में रेपो रेट को लेकर समिति का फैसला सीधे तौर पर कर्ज की लागत को प्रभावित कर सकता है, खासकर उन कर्जदारों के लिए जिनके लोन एक्सटर्नल बेंचमार्क लेंडिंग रेट्स से जुड़े हैं। नीतिगत दर में होने वाले किसी भी बदलाव का सीधा असर होम, ऑटो और पर्सनल लोन की ब्याज दरों व मासिक किस्तों पर पड़ेगा।










